मुक्तसर में सुसाइड करने वाले किसान की फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
जिस जमीं पर खेती कर किसान अन्न उपजाया करता था। विडंबना ऐसी कि कर्ज से आहत होकर वहीं निगला सल्फास। मामला पंजाब के मुक्तसर का है। जिले के गांव दोदा के कर्ज से परेशान किसान ने सल्फास की गोलियां खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
गांव दोदा के राजिंदर सिंह उर्फ राजविंदर सिंह (55) ने बीते बुधवार को खेत में जाकर जहरीली दवा निगल ली थी। काफी समय तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो पारिवारिक सदस्य उसे देखने खेत चले गए। वहां पर वह बेहोश पड़ा हुआ मिला। उसे मुक्तसर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इलाज के दौरान रविवार को देर शाम को राजिंदर सिंह की मौत हो गई। राजिंदर की पत्नी मनजीत कौर ने बताया कि उनके पास छह एकड़ जमीन है, लेकिन उनके दिव्यांग बेटे अमनदीप सिंह की बीमारी पर काफी खर्च हो रहा था। इसके लिए बैंकों से कर्ज लेना पड़ा था, जो अब तक वापस नहीं कर पाए थे।
इस परेशानी में उसके पति ने आत्महत्या कर ली। सोमवार को पुलिस चौकी दोदा ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव वारिसों को सौंप दिया। किसान राजिंदर पर सरकारी और गैर सरकारी करीब 12 लाख रुपये कर्ज था।