प्रेमी जोड़े ने पुलिस स्टेशन में जहरीली वस्तु निगल ली। युवक की मौके पर मौत, महिला की हालत गंभीर। मामला पंजाब के गुरुहरसहाए (फिरोजपुर) के थाना लक्खोके बहराम का है। गंभीर हालत में महिला को फरीदकोट के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर, पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में एक हवलदार, दो सिपाही, प्रेमिका समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीएसपी सुलखन सिंह ने बताया कि मृतक युवक निर्मल सिंह के पिता शुबेग सिंह वासी लक्खोके बहराम ने दिए बयान में कहा कि उसका बेटा निर्मल मोगा में रहने वाली अपनी बहन पम्मी की ननंद कुलविंदर कौर (चार बच्चों की मां) के साथ 10 मई को घर से भाग गया था। इस संबंधी उसके दामाद मंगल सिंह ने पुलिस चौकी नत्थू वाला में शिकायत दी थी।
उसने बताया कि निर्मल और कुलविंदर कौर शुक्रवार गांव लक्खोके बहराम पहुंच गए। शुबेग ने बताया कि मेेरे दूसरे बेटे रूप सिंह ने यह सूचना चौकी नत्थू वाला को दी। वहां से एक हवलदार साहिब सिंह व दो सिपाही पहुंच गए। ये लोग बेटे निर्मल सिंह और कुलविंद कौर को सही सलामत थाना लक्खोके बहराम ले गए।
शनिवार देर रात उन्हें पता चला कि निर्मल और कुलविंदर कौर ने कोई जहरीली वस्तु निगल ली। जिस कारण निर्मल की थाने में मौत हो गई और कुलविंदर कौर की गंभीर हालत देखते हुए उसे फरीदकोट अस्पताल में भरती करवाया। पुलिस ने शुबेग के बयान पर हवलदार साहिब सिंह, दो सिपाहियों, एक सरपंच गुरदास सिंह, कुलविंदर कौर व कुलविंदर कौर के पति मंगल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।