सिविल अस्पताल में मौजूद पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के बठिंडा में गांव मलकाणा के पास बाइक सवार दो गैंगस्टरों और सीआईए स्टाफ-वन की टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक गैंगस्टर जसविंदर सिंह उर्फ घोड़ा निवासी गांव जज्जल जिला बठिंडा के पैर में गोली लगी। वहीं, गैंगस्टर बुध राम समेत दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल गैंगस्टर को तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे बठिंडा के सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। मामला सोमवार दोपहर बाद की है।
गैंगस्टरों पर अवैध असलहा रखने के अलावा पुलिस पर फायरिंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इनके पास से दो पिस्तौल व पांच कारतूस मिले हैं। एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना के अनुसार उक्त गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई व गोल्डी बराड़ का नाम लेकर तलवंडी साबो क्षेत्र के व्यापारियों और दुकानदारों से रंगदारी मांगते थे। इन्होंने कुछ दिन पहले तलवंडी साबो के एक दुकानदार से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस के अनुसार जिस फोन से रंगदारी मांगी गई थी, उसे भी बरामद कर लिया गया है।
पत्रकार वार्ता में एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि सोमवार को सीआईए स्टाफ वन की टीम तलवंडी साबो क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर दो लोग अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने गांव मलकाणा के पास नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे गैंगस्टर जसविंदर सिंह उर्फ घोड़ा और बुध राम को रुकने का इशारा किया। इतने में दोनों ने पुलिस टीम पर दो फायरिंग कर दी। इसके जवाब में सीआईए टीम ने भी तीन गोली चलाई। इसमें एक गोली जसविंदर सिंह के पैर पर लगी और वह नीचे गिर गया। इसके बाद दोनों गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी खुराना ने बताया कि गैंगस्टर जसविंदर सिंह उर्फ घोड़ा पर सितंबर 2022 में थाना रामा में रंगदारी मांगने का मामला दर्ज है। वहीं, बुध राम पर जून 2019 में थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। फरवरी 2023 को वह जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद से दोनों ने रंगदारी मांगना शुरू किया था। कुछ दिन पहले ही उन्होंने तलवंडी साबो के एक दुकानदार को धमकाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।