लावारिस कुत्ते को उल्टा लटका कर पीटने वाला वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने केंद्रीय विहार सोसायटी के वाइस प्रेसिडेंट समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चौथा आरोपी सोसायटी का सीनियर वाइस प्रेसिडेंट गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने चारों के खिलाफ जानवरों के प्रति क्रूरता करने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी सेक्टर-48 स्थित केंद्रीय विहार सोसायटी के पदाधिकारी हैं। गिरफ्तार लोगों में सोसायटी के वाइस प्रेसिडेंट बीपी सैनी, सीनियर ट्रेजरार वीके बंसल और ठेकेदार उमेश कुमार शामिल हैं।
सेक्टर-49 पुलिस स्टेशन के एसएचओ रंजोध सिंह ने बताया कि कुत्ते को पीटने के मामले में एनजीओ की शिकायत पर सोसायटी के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में सोसायटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ब्रजेश कौशल को भी गिरफ्तार किया जाएगा, वह अभी शहर से बाहर हैं।
एनजीओ पीपल फॉर एनिमल (पीएफए) पंजाब इकाई के अध्यक्ष चेतन शर्मा ने बताया कि वीरवार शाम को केंद्रीय विहार सोसायटी में लोगों ने एक कुत्ते को पेड़ से उल्टा लटका कर बेरहमी से पीटा और उसे बोरे में बंद कर शहर से बाहर फेंक आए। कुत्ता पिछले छह सात माह से सोसायटी में रहता था। अब पता नहीं वह जिंदा है या मर गया।
उन्होंने कहा कि जब लोग कुत्ते को पीट रहे थे, मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना की मोबाइल से वीडियो रिकार्डिंग कर ली। इसके बाद वीडियो सोशल साइट पर डाल दी थी।
वीडियो के वायरल होने के बाद वह कैबिनेट मंत्री मेनका गांधी तक भी पहुंच गई। मंत्री ने इस मामले की जांच पीएफए पंजाब को सौंपी और जांच के आदेश दिए। जांच के बाद सेक्टर-49 में लावारिस कुत्ते को पीटने वालों के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने सोसायटी के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।