पंजाब के अमृतसर जिले में मजीठा थाना के गांव भाई शालो जी मोड़ के पास मंगलवार की रात कुछ लोगों ने ढाबा चलाने वाले एक व्यक्ति की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पुरानी रंजिश के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। थाना प्रभारी हर संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। भाई शालो जी मोड़ के पास रहने वाला करमजीत सिंह इलाके में ही ढाबा चलाता था। मंगलवार देर रात वह अपने ढाबे पर काम कर रहा था कि मोटरसाइकिल पर तीन युवक वहां पहुंचे। युवक तेजधार हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने करमजीत सिंह लाडी पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर कत्थूनंगल की तरफ फरार भागे। आसपास के लोगों ने जब शोर सुना तो वह घटनास्थल पर पहुंचे। ढाबे पर इकट्ठा हुए लोगों ने गंभीर हालत में जख्मी ढाबा संचालक को अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी मौत हो गई।
मजीठा की पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी तरफ घटनास्थल के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर उसे खंगाल कर हत्यारों का पता लगाया जा रहा है।