सोशल मीडिया पर अंबाला में डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसा की फोटो के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
तस्वीर में डेरामुखी को शराब के साथ आपत्तिजनक ढंग से दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर अपलोड की गई फोटो के साथ-साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई है। ये फोटो अंबाला में सोशल मीडिया वायरल की गई है। लेकिन अब डेरा अनुयायियों को जब इन फोटोग्राफ का मालूम चला तो उन्होंने शनिवार रात को ही इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसकी शिकायत थाना महेशनगर में की। देर रात तक अनुयायी थाने में ही डटे रहे और तीन युवकों का नाम देकर उनके खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे।
महेशनगर पुलिस ने तुरंत इस मामले में साइबर सैल की मदद मांगी और अनुयायियों को आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करेगी। जबकि अनुयायियों ने साफ कहा कि यदि पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो वे वे लोग प्रदर्शन करेंगे।
डेरा अनुयायी एडवोकेट पुनीत, कंवरपाल, रामसरण, रामरत्न, बदलेव, लखमीर, कमल, अनिल, राजेश, प्रवीण, विशाल, सोमनाथ, मुकेश, रिंकू, जोगेंद्र, खेमचंद, देवराज, शेर सिंह, प्रवीण, सतीश इत्यादि ने कहा कि वे अपने गुरु का इस तरह अपमान सहन नहीं करेंगे, इसलिए उन्होंने पुलिस से मांग की है कि वे केस दर्ज करें। उनके अनुसार उन्होंने उन तीन युवकों के नाम भी पुलिस को दिए हैं, जिन्होंने ये फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की। देर रात तक डेरा अनुयायी महेशनगर थाने में डटे रहे।
महेशनगर थाने के एसएचओ कमलजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में शिकायत ले ली गई है और साइबर सैल से मदद ली जा रही है, ताकि युवकों की लोकेशन जानी जा सके, उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।