रेप के आरोपी की जमानत याचिका खारिज हो जाने से नाराज युवती ने हाईकोर्ट में वकील को पीटा। पंजाब एंड हाईकोर्ट में वीरवार को एक घटनाक्रम में रेप पीड़िता युवती और उसके साथ आए व्यक्ति ने अपने ही वकील की पिटाई कर दी। इससे वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। दोनों रेप के आरोपी की जमानत याचिका खारिज हो जाने से नाराज थे।
दरअसल पीड़िता ने आरोपी के पक्ष में ही बयान दिए थे। इसके बावजूद आरोपी की जमानत न करा पाने पर नूहं से आई युवती और व्यक्ति ने कोर्ट से बाहर आने पर वकील को थप्पड़ों और चप्पलों से पिटाई कर दी। वकील को भी वे लोग साथ लेकर आए थे। वकील की शिकायत पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने युवती और जफर अहमद के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 107 और 151 के तहत केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जमानत मिल गई
सूत्रों के अनुसार युवती ने नूहं में आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तब से वह जेल में है। इस मामले में आरोपी की जमानत याचिका पर वीरवार को हाईकोर्ट में सुनवाई थी। रेप पीड़िता और जफर अहमद नूंह से ही वकील अब्दुल हामिद को साथ लेकर आए थे। सुनवाई के दौरान पीड़िता ने आरोपी के पक्ष में बयान दिया ताकि उसे जमानत मिल जाए।
इसके बावजूद हाईकोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इससे गुस्साई युवती और उसके रिश्तेदार जफर ने कोर्ट से बाहर आकर वकील अब्दुल हामिद की पिटाई कर दी। इससे वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। पीड़ित वकील ने पुलिस को बुला लिया। सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को काबू किया। वकील की शिकायत पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। बाद में उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें श्योरिटी बॉन्ड भरने के बाद जमानत मिल गई।