थाइलैंड से गिरफ्तार खालिस्तान टाइगर फोर्स का आतंकी जगतार सिंह तारा भारत में दहशत फैलाने के लिए दिल्ली की कई मशहूर जगहों पर लगातार बम धमाके करने की तैयारी में था। इस आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की जिम्मेदारी तारा ने पाकिस्तान के कुछ आतंकियों को सौंपी थी।
जल्द ही तारा इन आतंकियों को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी सप्लाई करने वाला था। यह सनसनीखेज खुलासा जगतार सिंह तारा ने वीरवार को पुलिस रिमांड के दौरान किया।
रुद्रपुर में छिपाकर रखा है विस्फोटक
तारा ने पुलिस को पूछताछ दौरान बताया कि अगस्त 2014 में वह नेपाल के जरिये भारत आया था। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर उसने भारत में आतंकवादी गतिविधियां करके दहशत फैलानी थी। इस काम के लिए वह अपने साथ चार किलो आरडीएक्स, पांच डेटोनेटर, पांच टाइमर, तार, 10 फ्यूज, बैटरियां और कुछ अन्य सामान लाया था।
नेपाल बार्डर क्रास करके वह भारत में तो दाखिल हो गया, लेकिन सख्ती ज्यादा होने के कारण पकड़े जाने के डर से वह आगे नहीं गया। उसने सारा विस्फोटक नेपाल बार्डर से करीब 30 किलोमीटर अंदर भारत में पड़ते गांव मछगवी के पास खटीमां, रूद्रपुर के बाहर एक खंडहरनुमा बिल्डिंग के अंदर दीवार के साथ प्लास्टिक के डिब्बों में डालकर जमीन में दबा दी।
दिल्ली की मशहूर जगहों पर धमाके की साजिश
तारा ने पूछताछ में खुलासा किया है कि इसके बाद उसने भारत में दहशत फैलाने की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के अहमद शकील, अलकायदा के गाजी खान और इंडियन मुजाहिदीन के हरी ओम पंडित को सौंपी। इन तीनों को तारा ने ही भारत में गड़बड़ करने के लिए पाकिस्तान में हथियारों की ट्रेनिंग दी थी।
इसलिए तारा की इनसे अच्छी जान-पहचान थी। तारा ने बताया कि इन आतंकियों की दिल्ली की मशहूर जगहों पर बम धमाके करके पूरे देश में दहशत फैलाने की साजिश थी। इस काम के लिए तारा जल्द इन आतंकियों को छिपाई गई विस्फोटक सामग्री सप्लाई करने वाला था। इसी बीच तारा पकड़ा गया। पुलिस जल्द ही इस सारे सामान को तारा की निशानदेही पर बरामद कर सकती है।
उत्तराखंड का गतका मास्टर देता वारदात को अंजाम
उत्तराखंड स्थित एक गतका मास्टर सुखवीर सिंह उर्फ सुक्खा के खालिस्तान टाइगर फोर्स के आतंकी जगतार सिंह तारा के संपर्क में होने का खुलासा हुआ है। तारा ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि वह सुक्खा के जरिये भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने वाला था। तारा के इस खुलासे के बाद अब पंजाब पुलिस की टीम जल्द ही तारा को सुक्खा की तलाश में उत्तराखंड लेकर जाएगी।
पाकिस्तान में ली थी हथियारों की ट्रेनिंग
पुलिस पूछताछ में तारा ने खुलासा किया है कि जब आतंकी रमनदीप सिंह उर्फ गोल्डी उसके पास पाकिस्तान में हथियार चलाने की ट्रेनिंग लेने आया था, तभी सुक्खा भी पाक आया था। इसके बाद करीब तीन महीने पहले तारा की मलेशिया में सुक्खा से एक गतके के मुकाबले में मुलाकात हुई थी।
इस दौरान तारा ने सुक्खा को कहा कि भारत में कोई तगड़ा एक्शन करना है। सुक्खा ने इस काम का जिम्मा खुद ले लिया था। उसने असलाह और गोला-बारूद का प्रबंध खुद करने की बात की थी। तारा को केवल एक्शन प्लान बताना था। तारा ने पुलिस को बताया है कि इसके बाद उसकी सुक्खा से कई बार फोन पर बात हुई। उसे केवल कोड नंबर 05948 याद है, बाकी नंबर वह भूल गया है।
पुलिस तारा को लेकर जाएगी उत्तराखंड
तारा के बताए मुताबिक सुखवीर सिंह सुक्खा गुरुद्वारा नानकमत्ता उत्तराखंड में ही मिलता है। वह अपना नाम बदल कर घूमता रहता है। उसकी तारा को अच्छी तरह से पहचान है। पुलिस जल्द ही टीम और तारा को लेकर उत्तराखंड रवाना होगी।
25 तक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस रिमांड खत्म हो जाने के बाद वीरवार को तारा को दोबारा से जिला कोर्ट में पेश किया गया। जहां पुलिस ने तारा को सुक्खा की तलाश में उत्तराखंड ले जाने और साथ ही और पूछताछ के लिए 9 दिनों की और पुलिस रिमांड मांगी। अदालत ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद तारा को 25 जनवरी तक दोबारा पुलिस रिमांड पर भेज दिया।