पंजाब के बठिंडा में काउंटर इंटेलिजेंस विंग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विंग ने अवैध हथियारों समेत तीन युवकों को चोरी की कार समेत गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों की पहचान राजभूपिंदर सिंह निवासी गांव डिक्ख जिला बठिंडा, रमन कुमार निवासी गुरुहरसहाय जिला फिरोजपुर, जगजीत सिंह निवासी गांव ढिल्लवां खुर्द जिला फरीदकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के अलावा संगरूर जेल में बंद कुलविंदर सिंह, हरचरन सिंह और सुलतान सिंह के खिलाफ थाना कैंट में चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि किसी पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने ये हथियार उत्तर प्रदेश या मध्य प्रदेश से खरीदे होंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजभूपिंदर सिंह, रमन कुमार और जगजीत सिंह एक चोरी की ऑल्टो कार में सवार होकर गोबिंदपुरा से बठिंडा की तरफ आ रहे हैं। सूचना के बाद काउंटर इंटेलिजेंस ने गांव गोबिंदपुरा नहर की पटरी के पास नाकाबंदी की और सफेद रंग की ऑल्टो कार को रोककर जांच की तो कार सवार उक्त तीनों आरोपियों से आठ अवैध हथियार मिले। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने खुलासा किया कि वह संगरूर जेल में बंद कुलविंदर सिंह, हरचरन सिंह, सुलतान सिंह से संपर्क में थे। तीनों ही बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। रिपोर्टर ने मामले में थाना कैंट के एसएचओ से बात करने की कोशिश की। उनके सरकारी नंबर पर फोन किया गया। घंटी बजी लेकिन किसी ने उठाया नहीं।