मोहाली में गुरुद्वारा अंब साहिब में मत्था टेककर स्कूटी से घर लौट रहीं दो युवतियों की आंख में मिर्ची पाउडर डालकर चैन स्नैचिंग का प्रयास किया गया। हालांकि आपराधिक तत्व वारदात को अंजाम देने में विफल हो गए। मिर्ची पाउडर गिरने से दोनों युवतियों की हालत बिगड़ गई थी।
घटना शनिवार रात थाना फेज-8 एरिया में गुरुद्वारा अंब साहिब के निकट हुई थी। वहीं इस घटना के बाद शोर मचते ही बाइक सवार स्नैचर फरार हो गए। लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंची थी। फेज-8 थाना पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है।
पुलिस का कहना है कि घटना की शिकार हुई युवतियों ने अब तक लिखित शिकायत नहीं दी है। यहां बता दें कि जिला में आपराधिक तत्वों द्वारा अप्रैल, मई और जून में कई वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। इनमें से कई घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। शनिवार रात अंब साहिब गुरुद्वारे के निकट वाली सड़क पर हुई इस घटना से लोगों में भय का माहौल है।
उधर, फेज-8 थाना के सहायक उप निरीक्षक ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुद्वारा अंब साहिब से घर जा रहीं दो युवतियों की आंख में मिर्ची पाउडर डालकर चैन स्नैचिंग का प्रयास किया गया हैै, लेकिन लड़कियों की ओर से रविवार शाम तक उन्हें कोई शिकायत नहीं दी गई थी। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पीसीआर मौके पर पहुंची थी।