टीवी सीरियल देखते वक्त बच्चों ने पूछा कि पापा मौत कैसे आती है, जवाब में पिता ने पंखे में फंदा लगाया और लटक गए। मामला पंजाब के लुधियाना का है।
रविवार की देर रात टीवी सीरियल देखते वक्त बच्चों ने पूछा कि मौत कैसे आती है, इस पर पिता ने मौत का ट्रेलर दिखाने के लिए पंखे से परना का फंदा लगाया और झूल गया। इस ट्रेलर के चक्कर में उसकी जान चली गई। यह घटना गांव मुंडिया कलां के हरि सिंह नगर की है।
मृतक की पहचान करनैल सिंह (35) के तौर पर हुई है। आसपास के लोगों को भी यह बात गले नहीं उतर रही है, इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनैल सिंह रविवार की रात अपनी 6 साल की बेटी व 4 साल के बेटे के साथ टीवी देख रहा था। इस दौरान उसके बेटे ने सवाल किया, कि पापा लोग मरते कैसे हैं। इस पर उसने परना लेकर पंखे से बांधा और फंदा लगा लिया। जब तक बच्चों ने अपनी मां को बुलाया उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना के बाद थाना जमालपुर की पुलिस व चौकी मुंडियां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार को सौंप दिया।