मैट्रिमोनियल साइट्स पर शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो नाइजीरिया जबकि एक रिपब्लिक ऑफ बेनिन का रहने वाला है। आरोपियों की पहचान नाइजीरिया निवासी इमैन्युअल (33), पालीनस (35) और रिपब्लिक ऑफ बेनिन निवासी अगस्टाइन (49) के रूप में हुई है। वर्तमान में तीनों आरोपी मोहन गार्डन, दिल्ली में रह रहे थे।
चंडीगढ़ पुलिस को एक युवती ने शिकायत देकर कहा था कि इंजीनियर विहान दास के नाम के एक व्यक्ति ने एक प्रसिद्ध मेट्रिमोनियल साइट के जरिए उनसे बात की। बातचीत में उसने खुद को एडिनबर्ग (यूके) का निवासी बताया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बात होने लगी। विहान ने युवती से कहा कि वह उससे मिलने भारत आ रहा है। झांसे में लेने के लिए उसने पीड़िता के व्हाट्सएप के जरिए हवाई टिकट भी भेजा।
यह भी पढ़ें: नूंह हिंसा में बड़ा खुलासा: सरकार के पास हमले का इनपुट ही नहीं था, गृहमंत्री बोले-हमें ताे तीन बजे पता चला
17 मई को पीड़िता को एक नंबर से कॉल आया और कॉलर ने खुद को कस्टम विभाग का अफसर बताते हुए कहा कि विहान दास दिल्ली एयरपोर्ट पर है और उसके पास 90,000 पाउंड हैं। इस रकम रिलीज कराने के लिए 1.90 लाख रुपये का जुर्माना भरना होगा। पीड़िता ने रकम बताए गए खाते में जमा करा दिए। उसके बाद आरोपियों ने पीड़िता से और रकम की मांग की और कहा कि डायमंड रिंग के लिए अलग से चार्ज देना पड़ेगा। इस तरह पीड़िता से कुल 7.60 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
बाद में युवती को पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। शिकायत पर चंडीगढ़ साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के बाद तीनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पता चला है कि आरोपियों के खिलाफ रायपुर (छत्तीसगढ़) में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को डॉक्टर-इंजीनियर या व्यवसायी बताकर लड़कियों को झांसे में लेते थे। आरोपी पहले उनका विश्वास जीतते थे और बाद में भारत आने और महंगे तोहफे लाने की बात कहते थे। इसके बाद अपने साथियों को कस्टम अफसर बनाकर महंगा सामान छुड़वाने का झांसा देकर युवतियों से पैसे ठग लेते थे।
पुलिस की अपील-सतर्क रहें लोग
पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मैट्रिमोनियल साइट्स से संपर्क करने वालों की जांच पड़ताल करने के बाद ही उनसे बात करें। किसी को रकम न भेजें। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय हमेशा सतर्क रहें। सोशल मीडिया पर अंजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और न ही अपनी निजी जानकारी मोबाइल नंबर खाता इत्यादि की जानकारी साझा करें। साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या परेशानी होने पर 1930 पर कॉल करें।