निवेशकों से धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये ठगने के मामले में चंडीगढ़ और दिल्ली की सीबीआई टीम ने शनिवार को पर्ल एग्रोटेक कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) के प्रमोटर निर्मल सिंह भंगू और पर्ल गोल्डन फॉरेस्ट लिमिटेड (पीजीएफ) के प्रमोटरों की कोठी और दफ्तरों में छापेमारी की। सुबह सात बजे शुरू हुई छापेमारी चंडीगढ़ और पंजाब में की गई।
सीबीआई टीम ने कंपनी के डायरेक्टर की सेक्टर-35 स्थित कोठी पर रेड की। इस दौरान निवेशकों का रिकार्ड जब्त किया गया। वहीं मोहाली की कंपनी से सीबीआई ने कंप्यूटर की हार्डडिस्क, रजिस्ट्रर समेत अन्य कागजात सील किए।
जांच में पता चला कि कंपनी हजारों लोगों से करोड़ों रुपये ठग चुकी है। सीबीआई टीम ने कंपनी के डायरेक्टर निर्मल सिंह भंगू के रोपड़ स्थित भंगू गांव में जाकर लोगों से पूछताछ की।
इसके अलावा सीबीआई टीम ने कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों का रिकार्ड भी हासिल किया। वहीं दिल्ली सीबीआई टीम ने इस मामले में पीएसीएल के प्रमोटर निर्मल सिंह भंगू और पीजीएफ के प्रमोटर सुखदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रकम से खरीदी 1.85 लाख एकड़ जमीन
सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) को जानकारी मिली थी कि रियल इस्टेट का काम करने वाली पर्ल एग्रीकल्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड कंपनी लोगों को छह साल में दोगुना पैसा देने जैसी स्कीमों से लोगों से पैसा इकट्ठा कर रही थी। कंपनी 1996 में बनाई गई थी।
इस रकम से कंपनी ने पूरे देश में 1.85 लाख एकड़ जमीन खरीद ली थी। सेबी सितंबर 2011 में कंपनी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पहुंची थी। मार्च 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद सीबीआई ने मामले में जांच शुरू कर दी थी।
फेज-9 स्थित हेड ऑफिस में रेड
मोहाली। पर्ल ग्रुप के फेज-9 स्थित हेड ऑफिस में शनिवार को सीबीआई की टीम ने छापा मारा। इस दौरान सीबीआई की टीम काफी दस्तावेज अपने साथ ले गई है। छापे की कार्रवाई काफी गुप्त थी। किसी को इस बारे में कोई संदेह भी नहीं हुआ।
सूत्रों का कहना है कि जब सीबीआई ने कार्रवाई शुरू की, तो उस दौरान मुलाजिमों के फोन तक बंद करा दिए गए। किसी को भी आफिस से बाहर तक नहीं जाने दिया गया। इस दौरान एक-एक फाइल चेक की गई।
इसके अलावा सेक्टर-69, 104, 99 और 100 में टीम गई थी। यहां से भी टीम ने कुछ रिकॉर्ड कब्जे में लिया। जानकरी के मुताबिक पर्ल ग्रुप करीब कई सालों से रियल एस्टेट के कारोबार में सक्रिय है।
मोहाली में इनके कई मेगा हाउसिंग प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इसके अलावा बठिंडा, हिमाचल, उत्तराचंल, गोवा में भी इनके मेगा हाउसिंग प्रोजेक्ट हैं। साथ ही बनूड़ में ग्रुप का नामी मेडिकल कॉलेज है। इसके अलावा ग्रुप द्वारा समाजसेवा से जुड़े कार्य भी किए जाते हैं।