रात को करीब 11 बजकर 50 मिनट पर हम पानीपत की सीमा में घुसे। सीमा के भीतर घुसने पर एलिवेटिड हाइवे पर सामने चल रही एक बोलेरो गाड़ी को ओवरटेक करते हुए बस को आगे निकाल लिया। करीब दो मिनट बाद वो बोलेरो चालक पीछे से हॉर्न बजाता हुआ व डिपर देता हुआ आया और बोलेरो को कई बार आगे निकालने की कोशिश की।
करीब 12 बजे जब एलिवेटिड हाइवे पर बस स्टैंड के सामने पहुंचे, तो बोलेरो चालक उसकी गाड़ी को बस के पीछे से परिचालक वाली साइड पर ले आया। उसके साइड में आते ही एक दम धमाके की आवाज सुनाई दी। उस समय लगा कि शायद बस का टायर फट गया है। मैं बस को साइड पर लगा ही रहा था कि इसी दौरान बस के शीशे के टुकड़े मेरे उपर आकर गिरे व साथ ही दूसरे धमाके की आवाज सुनाई दी।
इसके बाद पता लगा कि बोलेरो चालक बस पर गोलियां चला रहा है। दो फायर करने के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। मैंने टोल प्लाजा तक उसका पीछा भी किया। इस दौरान बोलेरो में तीन लोग बैठे दिखाई दिए। रात करीब साढ़े तीन बजे तक पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद सवारियों को दूसरी बस से रवाना कर, वोल्वो को वापस दिल्ली ले जाया गया। - जितेंद्र सिंह, बस चालक।
पानीपत टोल प्लाजा पर एक सवारी को उतरना था। हाईवे पर बस के आने के बाद वो व्यक्ति उठकर खिड़की की तरफ आकर खड़ा हो गया। बोलेरो चालक ने जब गोली चलाई, तो मुझे लगा कि शायद किसी दूसरी गाड़ी की साइड बस के साथ लग गई है। क्योंकि वोल्वो बस के शीशे किसी भी वाहन की टक्कर व साइड से आसानी से टूट जाते हैं।
जब इसके बाद दूसरे धमाके की आवाज सुनाई दी, तो मैंने बाहर झांक कर देखा, जिसके बाद पता लगा कि बोलेरो चालक काली पिस्तौल से बस पर गोलियां चला रहा है। एक गोली बस की अगली खिड़की के शीशे को लग कर ड्राइवर के सिर के एक इंच ऊपर से होती हुई बस के भीतर जा लगी। दूसरी गोली दरवाजे की खिड़की के शीशे को पार करती हुई बस में लगी। हमने बोलेरो का पीछा करते हुए पुलिस को भी सूचना दे दी थी। बोलेरो में तीन बदमाश थे। - देवेंद्र, बस परिचालक।
वारदात के बाद बस की चेकिंग के दौरान दो खोल मिले हैं। साथ ही टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर वहां पर बोलेरो गाड़ी मुड़ती हुई दिखाई दे रही थी । लेकिन उसमें गाड़ी का नंबर नहीं दिखाई दे रहा है। अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गाड़ी में कितने बदमाश थे। टीम गठित कर दी गई है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - मोहनलाल, थाना शहर प्रभारी।