पटियाला से रोहतक जा रही एक टूरिस्ट बस मंगलवार शाम अनियंत्रित होकर कैथल-पटियाला मार्ग स्थित गांव टटियाणा के पास घग्गर नदी में जा गिरी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है। दो को पीजीआई, चंडीगढ़ भी भेजा गया है। शेष घायलों का इलाज महावीर दल अस्पताल चीका और सरकारी अस्पताल गुहला में चल रहा है। मृतका की पहचान बरनाला के गांव जनूड़ के संदीप कौर के रूप में हुई है।
बस में करीब 66 लोग सवार थे
जानकारी के अनुसार पटियाला की एक टूरिस्ट बस मंगलवार शाम करीब पांच बजे रोहतक के लिए चली थी। बस में पटियाला, नाभा, लुधियाना सहित पंजाब के विभिन्न शहरों व गांवों के करीब 66 लोग सवार थे।
महावीर दल अस्पताल में दाखिल घायल वरिंद्र सिंह के अनुसार बस की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। घग्गर नदी के पुल पर बने स्पीड ब्रेकर पर पहुंचते ही बस उछली और पुल की रेलिंग को तोड़ती हुई घग्गर में जा गिरी।
बस के गिरते ही चीखें मच गईं। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान घग्गर की तरफ दौड़ पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही मदद के लिए चीका शहर से भी सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे लड़के लड़कियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में पटियाला निवासी वीरेंद्र, लुधियाना रंजन, चंडीगढ़ मनप्रीत सहित अन्य शामिल है।
नोएडा की कंपनी में काम करते थे छात्र
पंजाब के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थी नोएडा की एक कंपनी में काम करते थे तथा बुधवार को सवेरे रोहतक में होने वाली कंपनी की मीटिंग में हिस्सा लेने के लए रोहतक जा रहे थे।
गुहला अस्पताल से 35 घायलाें को पटियाला, चंडीगढ़ एवं कैथल के लिए रैफर किया जा चुका था। जबकि शेष गुहला के अस्पतालों में दाखिल हैं। पुलिस प्रशासन घायलों की मदद में जुटा हुआ था तथा डीसी एवं एसपी मामले पर नजर रखे हुए हैं।
जेसीबी ने बचाईं कई छात्रों की जान
घग्गर नदी के बन रहे दूसरे पुल के काम में लगी जेसीबी कई लोगों की जान बचाने का साधन बन गई। जिस समय बस पुल की रेलिंग तोड़कर घग्गर में गिरी, उक्त जेसीबी उस वक्त घग्गर के भीतर खड़ी थी। बस के नीचे गिरते ही बस में चीख मच गया और बस के एक तरफ से बुरी तरह पिचक जाने के कारण बीच में सवार लड़के लड़कियां वहीं दबकर रह गए।
जेसीबी ड्राइवर ने तत्काल जेसीबी को बस की तरफ लाकर उसे ड्राइवर साइड से ऊपर उठा दिया। मौके पर पहुंचे लोगों को रास्ता मिल गया और उन्होंने बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
हादसे की खबर पाकर डीसी कैथल, एसपी कैथल, एसडीएम समाना, डीएसपी गुहला, हरियाणा व पंजाब दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी व स्वास्थ्य अधिकारियों सहित बहुत सारा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया तथा घायलों का हाल चाल जाना।