सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने एक ही दिन में हुई दो हत्याओं में से एक को सुलझाने का दावा किया है। एक दोस्त ने दस हजार रुपये के लालच में आकर अपने बचपन के दोस्त की हत्या कर दी। पहले उसे खूब पीटा और फिर उसके मुंह में जहर डाल दिया।
हत्या के बाद शव खुर्द-बुर्द करने की मंशा से गांव कड़ाल कलां की मुख्य सड़क के किनारे फेंक गए। थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे हत्या में प्रयुक्त बाइक भी जब्त करके दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने बताया कि वह मलसियां निवासी जतिंदर सिंह माता चिंतपूर्णी के मेले में क्राकरी का सामान बेचकर तीन अगस्त को वापस आ रहा था।
वह रात को कपूरथला में अपने बचपन के दोस्त लक्की कपूर और अजय के घर आकर ठहर गया। मेले से क्राकरी का सामान बेचकर जतिंदर सिंह ने 10 हजार रुपये की कमाई की थी। उसे देखकर जतिंदर के दोस्तों की नीयत खराब हो गई और दोनों ने उससे धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
मारपीट से जतिंदर सिंह बेहोश हो गया और उन्होंने उसके मुंह में जहर डाल दी। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों शव को खुर्दबुर्द करने की मंशा से रात को ही बाइक से गांव कड़ाल कलां की मुख्य सड़क पर पहुंचे। वहां पर आगे से किसी मोटरसाइकिल के आने की आवाज सुनकर दोनों शव को वहीं पर फेंककर भाग गए। एसएचओ सरबजीत सिंह ने कहा कि जल्द ही दूसरा मामला भी सुलझा लिया जाएगा।