शहर में बेखौफ बदमाशों ने सेक्टर-48 गुरु नानक विहार सोसाइटी में दिन दहाड़े एक फाइनेंसर के घर में घुसकर गन प्वाइंट पर मारपीट कर उसका वीडियो बनाया। बदमाशों की दबंगई यहीं खत्म नहीं हुई। उन्होंने पीड़ितों की अपने बॉस से बात कराई।
इसके बाद कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने जाते हुए घर के मेन गेट की कुंडी भी लगा दी। ताकि वह इसकी शिकायत पुलिस को न दे सकें। करीब 20 मिनट बाद पुलिस को इसकी शिकायत फाइनेंसर पलविंदर पाल उर्फ मिड्डा ने कंट्रोल रूम को दी।
सूचना पर एसपी सिटी परविंदर सिंह, एएसपी (साउथ) नवदीप बराड़, सेक्टर-36 के थाना प्रभारी राम दयाल, सेक्टर-34 के थाना प्रभारी बलजीत सिंह पहुंचे। थाने में पलविंदर और उसके नौकर बहादुर से पुलिस ने पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।
सेक्टर-48 स्थित गुरु नानक विहार सोसाइटी के मकान नंबर-2079 में रहने वाले पलविंदर पाल उर्फ मिड्डा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फाइनेंसर का काम करते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने मोहाली फेस-11 के मनीष टंडन उर्फ मोंटी जो चंडीगढ़ सेक्टर-44 में बुकी का काम करता है, को 20 लाख रुपये दिये थे।
लेकिन रुपये वापस न मिलने पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। इसी शिकायत से मनीष उससे चिढ़ा हुआ था। पलविंदर ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर वह और उसका नौकर बहादुर घर में थे। घर की बेल बजने पर बहादुर ने दरवाजा खोला तो छह युवक जबरदस्ती घर में घुस आए। इसमें से दो सरदार थे। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसका वीडियो बनाया।