पंजाब के पठानकोट जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे गांव पलाह में सोमवार देर रात करीब 12 अज्ञात लोगों ने पुलिस की क्यूआरटी पर तेजधार हथियारों और डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बमियाल पुलिस चौकी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
दरअसल, एक गाड़ी को संदिग्ध मानकर क्यूआरटी उसका पीछा कर रही थी। गांव पलाह के नजदीक जब गाड़ी को घेरकर रोका गया तो उसमें सवार लोगों ने जवानों पर हमला कर दिया। तीन जवानों को मामूली चोट आई हैं। हमलावरों ने पुलिस के वाहन में तोड़फोड़ भी की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने रात में ही घेराबंदी की।
बमियाल पुलिस चौकी के प्रभारी तरसेम सिंह ने बताया कि सोमवार रात्रि पुलिस की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव भिंड के पास एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने वाहन को भगा लिया। पीछा करती क्यूआरटी ने गांव पलाह के निकट उस वाहन को घेर लिया लेकिन जब तक पुलिस जवान गाड़ी से बाहर निकलते, उससे पहले लोगों ने तलवार से पुलिस कर्मचारियों पर गाड़ी में ही हमला कर दिया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि हमले में एक एएसआई सहित तीन जवान घायल हैं। पुलिस जवानों ने जब बाहर निकलकर उन लोगों को पकड़ना चाहा तो उन्होंने अपनी गाड़ी जम्मू-कश्मीर की ओर भगा ली। बता दें कि जिस जगह यह वारदात हुई, वहां से 100 मीटर दूरी पर ही जम्मू-कश्मीर की सीमा शुरू होती है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है।