टीम पर हमला उस समय किया गया जब वह गांव में छापा के लिए पहुंची थी।
बुधवार की देर रात गांव हमीरा में नशे के मामले को लेकर रेड करने गई एसटीएफ की टीम पर 20-25 लोगों ने हमला कर दिया। इसमें एसटीएफ टीम में शामिल चार पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। जबकि एक महिला पुलिस कर्मी को मामूली चोटें आई हैं। तीन पुलिस कर्मियों के सिर पर चोटें लगी है। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है।
वहीं, थाना सुभानपुर पुलिस ने हमीरा में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी है। जबकि एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लो, एएसपी भुलत्थ सिमरत कौर और अन्य पुलिस अधिकारी थाना सुभानपुर पहुंच गए हैं। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कपूरथला की छह सदस्यीय टीम एएसआई कुलवंत सिंह, एएसआई ओंकार शर्मा, एएसआई संतोख सिंह, शाम मसीह व महिला पुलिस कर्मियों के साथ बुधवार देर शाम जालंधर-अमृतसर जीटी रोड स्थित गांव हमीरा में नशे के मामले को लेकर रेड करने गई थी।
जब पुलिस पार्टी गांव में पहुंची तो वहां पर करीब 20-25 लोगों ने एसटीएफ की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में उक्त चारों पुलिस कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें तुरंत सुभानपुर स्थित निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल कपूरथला भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लो, एएसपी सिमरत कौर समेत आला अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ थाना सुभानपुर में पहुंच गए हैं। हालांकि इस मामले के बाद जालंधर से भी कुछ् पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस पर हमले के बाद थाना सुभानपुर पुलिस ने हरकत में आते हुए 10-12 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ तेज कर दी हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक किसी भी अधिकारी ने कुछ भी बताने से गुरेज किया है। बताते चलें कि इसी गांव में कुछ अर्से पहले भी पुलिस टीम पर इसी तरह से हमला किया गया। इससे जाहिर होता है कि नशा तस्करों में पुलिस का खौफ नहीं है।
एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लो ने एसटीएम पर हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। उनके घर से पुलिस को एक किलो नशीला पदार्थ मिला है। थाना सुभानपुर में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।