फरीदकोट के कुख्यात गैंगस्टर व दशमेश नगर निवासी राजविंदर सिंह उर्फ घाली का खून से लथपथ शव बुधवार शाम लावारिस हालात में संधवां-जलालेआना रोड पर रजबाहे के पास से बरामद हुआ है। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार राजविंदर सिंह घाली को करीब चार माह पहले 20 अगस्त 2019 को सीआईए स्टाफ फरीदकोट ने उसके तीन साथियों के साथ अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार किया था और वह हाल ही में इस केस में जमानत पर जेल आया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजविंदर सिंह घाली के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, इरादा ए कत्ल, चोरी व लूटपाट जैसे गंभीर अपराधों के आरोप में 8 मामले दर्ज थे जिनमें से कुछ केस अभी भी अदालत में विचाराधीन है।
साल 2013 में बहुचर्चित रहे फरीदकोट के छात्रा अपहरण कांड में भी राजविंदर सिंह घाली का नाम मुख्य आरोपियों में शामिल था, जिसमें उसे जिला अदालत से बाकी आरोपियों के साथ 7 साल की कैद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने बताया कि घाली के शव पर कुछ चोटों के निशान हैं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।