हिसार के पुरानी कचहरी स्थित टैक्सी स्टैंड पर रविवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन बाइक सवार युवकों ने यह वारदात की। वारदात के बाद तीनों युवक फरार हो गए। इस घटना में एक अन्य युवक भी छर्रे लगने से घायल हो गया। घायल को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
उधर घटना की सूचना पाकर डीएसपी मुख्यालय अशोक कुमार, डीएसपी बरवाला संजय कुमार, पीएलए थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान सीन ऑन क्राइम की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सबूत एकत्रित किए। मृतक राजू सैनी सीसवाल गांव का रहने वाला था। वारदात के समय राजू चार-पांच अन्य लोगों के साथ बैठकर ताश खेल रहा था। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है।