कार्रवाई करती पुलिस और ग्रामीणों की लगी भीड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा में डबवाली के गांव सक्ताखेड़ा में नशे के ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। युवक का शव गांव के पंचायत घर के कमरे में मिला है। युवक के हाथ पर नशे का इंजेक्शन भी लगा मिला है। सुबह आसपास के लोगों ने युवक को देखा तो उन्होंने मामले की सूचना डबवाली पुलिस को दी । पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी अनुसार मृतक की पहचान गांव सक्ताखेड़ा निवासी 32 वर्षीय गुरप्रीत उर्फ गोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी था और गांव के जलघर के पास उसका मकान है। युवक रात को ही घर से निकल आया था। युवक की मौत नशे की ओवरडोज से बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। युवक के हाथ में इंजेक्शन भी लगा मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो सप्ताह में चार युवकों की हो चुकी नशे से मौत
सिरसा जिले में नशे के आदी युवकों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दो सप्ताह में चार युवकों की मौत नशे से हो गई है। बता दें कि बीते दिन भी रानियां के सादेवाला में दो नशेड़ी दोस्तों ने 11 वर्षीय बच्चे को मौत के घाट उतार दिया था और उसके शव को खेत में दबा दिया था। जबकि इससे पहले रानियां में ही एक युवक का शव खेत में मिला था। उसके पास से मेडिकल नशे की गोलियां बरामद हुई थीं। वहीं नागरिक अस्पताल के बाहर और ओढां में भी एक युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो चुकी है।