हनीप्रीत माइग्रेन से पीड़ित
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी का मेडिकल चेकअप मंगलवार देर रात डेढ़ बजे हुआ। मेडिकल चेकअप से पहले हनीप्रीत ने जमकर हाईप्रोफाइल ड्रामा किया। कानूनी कार्रवाई के तहत पुलिस ने अदालत में पेश करने से पहले हनीप्रीत का मेडिकल कराने के लिए चंडीमंदिर थाने में सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. मनदीप को ले गई। लेकिन हनीप्रीत ने जेंट्स डॉक्टर से मेडिकल कराने से साफ मना कर दिया। इसके बाद पुलिस हनीप्रीत और सुखदीप कौर को मेडिकल के लिए पंचकूला के जनरल अस्पताल में ले गई। जहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. ममता ने उसका मेडिकल किया। इस दौरान लेडीज डॉक्टर ने उसका ईसीजी और उसका बीपी चेक किया, जो नॉर्मल आया। इसके अलावा उसके अन्य चेकअप भी हुए। हनीप्रीत ने बताया कि उसे माइग्रेन की समस्या है। फिलहाल वह मेडिसिन नहीं लेती।
हनीप्रीत की गिरफ्तारी के वक्त सुखदीप ड्राइव कर रही थी इनोवा
पुलिस कमिश्नर एएस चावला ने कहा कि हनीप्रीत जिस इनोवा में पकड़ी गई, वह पुलिस के कब्जे में है। हनीप्रीत की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूछताछ के आधार पर हनीप्रीत को अलग अलग ठिकानों पर रिकवरी और निशानदेही के लिए ले जाया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने साफ किया कि जिस वक्त हनीप्रीत को गिरफ्तार किया गया, उस वक्त सुखदीप कार ड्राइव कर रही थी।
कोट
हनीप्रीत की तबीयत बिल्कुल ठीक है। रात तीन बजे तक हनीप्रीत के साथ थी। हनीप्रीत को किसी प्रकार का दर्द नहीं उठा था। रात को मेडिकल करवाना कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।
-ममता सिंह, आईजी।