हिंसा भड़काने के आरोपी दिलावर को न्यायिक हिरासत में भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
25 अगस्त को हिंसा फैलाने के आरोपी और डेरा की 45 सदस्यीय टीम के अहम सदस्य और डेरा प्रमुख के करीबी दिलावर इंसा से पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं। शुक्रवार को दिलावर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी दिलावर को सात दिन के पुलिस रिमांड के बाद पेश किया गया।
पंचकूला पुलिस की एसआईटी ने 14 सितंबर को दिलावर सिंह इंसा को सोनीपत से गिरफ्तार किया था। उस पर पंचकूला में दंगा भड़काने का आरोप है, जो डेरे की 45 सदस्यीय कमेटी का अहम सदस्य रह चुका है। दिलावार उन पांच आरोपियों में शामिल है, जिनके इशारे पर पंचकूला को हिंसा की आग में झोंका गया। कमेटी के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत के बाद दिलावर ने पंचकूला में हिंसा का प्लान तैयार किया, जिसे बाद में हजारों उपद्रवियों ने अंजाम तक पहुंचाया। सेक्टर 2/4 कट, सेक्टर-5, सेक्टर-तीन के पास और हाईवे पर भी दंगा भड़काने में दिलावर सहित अन्य साथियों का हाथ था। दिलावर डेरे के स्कूल का एडमिनिस्ट्रेटर था और उसके इशारे में स्कूल से तमाम अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। दिलावर सोनीपत में था और वहीं से पंचकूला में दंगाइयों को इकट्ठा होने के लिए कॉलें कर रहा था।