11 साल की बच्ची अपने घर के पास खेलने में पूरी तरह से मगन थी, किसी को कुछ उम्मीद नहीं थी इस बच्ची के साथ अगले ही पल क्या होने वाला है। खेलते-खेलते अचानक बच्ची के साथ ऐसा हुआ, जिसने सबको हिला कर रख दिया। पंजाब के मानसा के गांव माखा में पड़ोसी के घर के बाहर खेल रही एक नाबालिग के सिर पर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। लड़की का पीजीआई चंडीगढ़ में ऑपरेशन कर लिया गया है। जोड़किया पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिवराज वासी माखा ने जोड़किया पुलिस को बताया कि उनकी बेटी मंजोत कौर (11) पड़ोसी के घर के बाहर खेल रही थी कि अचानक उसके चीखने की आवाज आई। मौके पर जाकर देखा तो वह बेहोश पड़ी थी। वे तुरंत मंजोत को मानसा अस्पताल ले गए। इसके बाद वहां से उसे बठिंडा के अस्पताल ले जाया गया।
पहले परिवार को लगा कि कोई कुदरती चोट लगी है, लेकिन इलाज के दौरान डाक्टरों ने बताया कि उसके सिर में गोली लगी है। इसके बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। जहां पर डॉक्टरों ने मंजोत का ऑपरेशन किया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिवार ने शक जताया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने फायर कर लड़की के सिर में गोली दाग दी। सहायक थानेदार अजैब सिंह ने बताया कि पिता के बयान पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।