दीपावली पर इस बार चंडीगढ़ में दुकानों के बाहर पटाखों के स्टाल नहीं लगेंगे, लेकिन कुछ अन्य जगहों पर स्टाल लगाने का प्रबंध किया जाएगा। नगर निगम ने पटाखों की दुकान लगाने के लिए केवल सात जगह निर्धारित की गई हैं। दुकानदारों को निर्धारित जगह पर ही पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है।
चंडीगढ़ क्रै कर्स डीलर एसोसिएशन ने इस मामले को लेकर एडीसी राजीव गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने एडीसी से मांग की दुकानों के आगे पटाखों के स्टाल लगाने की अनुमति दी जाए। दुकानों के आगे स्टाल लगाने की अनुमति न देने से व्यापारियों का लाखों का नुकसान होगा।
यहां लगेंगे पटाखों के स्टॉल
डीसी आफिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शहर में केवल सात जगहों पर ही पटाखों की दुकानें लगेंगी। इनमें मनीमाजरा स्थित गोबिंदपुरा पार्क, उप्प्ल हाउसिंग सोसाइटी के सामने ग्राउंड में, सेक्टर-24 स्थित गुजरात भवन के सामने, सेक्टर-17 शिवालिक व्यू होटल के साथ खाली जगह में, सेक्टर-49 में रयान इंटरनेशनल स्कूल के साथ ग्राउंड में और सेक्टर-38 वेस्ट गवर्नर स्कूल के सामने खाली जगह पर स्टॉल लगाने की अनुमति दी गई है।
इस बार भी लाइसेंस न मिलने की उम्मीद
चंडीगढ़ क्रैकर्स डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव चिराग अग्रवाल ने बताया कि अब तक डीसी आफिस की ओर से दीपावली और दशहरा पर पटाखों की दुकान लगाने के लिए नए लाइसेंस बनाए जाने को लेकर आवेदन तक नहीं मांगे गए। चिराग ने कहा कि इस बार भी प्रशासन नए लाइसेंस बनाने के लिए तैयार नहीं। इससे व्यापारियों को नुकसान होगा।