कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए गो एयर ने अपनी उड़ान रद्द कर दी है। यह फ्लाइट इसी महीने चंडीगढ़ से बैंकाक के लिए उड़ान भरने वाली थी। इस फ्लाइट को मार्च के आखिर में इंट्रोड्यूस किया जाना था। यह फ्लाइट रद होने के कारण अभी यहां पर सिर्फ दो इंटरनेशनल उड़ान ही ऑपरेट होंगी।
इस सबंध में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ अजय भारद्वाज ने बताया कि गो एयर ने बैंकाक की उड़ान कोरोनावायरस की वजह से रद्द की है। एयरलाइन अब इस फ्लाइट को तभी मंजूरी देगी जब विदेश में कोरोनावायरस का खतरा टल जाएगा। उन्होंने कहा कि तमाम एयरलाइनों ने कई देशों की अपनी फ्लाइट्स रद्द कर दिया है।
गो एयर ने इस संबंध में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में मंगलवार को अपने दस्तावेज जमा करा दिए हैं। इससे पहले दो सप्ताह पहले की सुनवाई के दौरान गो एयर ने हाईकोर्ट में चंडीगढ़ से बैंकाक की सीधी उड़ान शुरू करने के बारे में बताया था।
गौरतलब है कि एयर इंडिया ने वर्ष 2018 में बैंकाक के लिए चंडीगढ़ से जाने वाली अपनी उड़ान को रद्द कर दिया था। इसकी वजह थी कि यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या में 70 फीसदी की कमी आई थी।
पटना के लिए सीधी फ्लाइट शुरू
पांच मार्च से लखनऊ और पटना के लिए सीधी उड़ान शुरु होगी। वहीं चेन्नई से 6 मार्च को दोपहर डेढ़ बजे एक फ्लाइट चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। यही फ्लाइट दोपहर 2 बजे पटना के लिए रवाना होगी। इंडिगो की ओर से रोजाना दो उड़ान चंडीगढ़ से पटना के लिए होंगी। पहली फ्लाइट सुबह 11.35 बजे अहमदाबाद से और दूसरी उड़ान शाम 6.35 बजे की है, यह उड़ान सीधी पटना से आएगी और पटना जाएगी।