पहलवानों के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के सभी विधायक 13 मई को दिल्ली जाएंगे। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चंडीगढ़ निवास पर हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को मिल रहे जबरदस्त समर्थन को देखते हुए हरियाणा कांग्रेस इसे 3 महीने और चलाएगी।
अब मई, जून और जुलाई में भी यह कार्यक्रम चलेगा। बैठक में फैसला लिया गया कि 4 जून को रोहतक के ओल्ड आईटीआई ग्राउंड में संत कबीर जयंती के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 18 जून को पानीपत में ‘जन मिलन समारोह’ रखा जाएगा। आठवां ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम 25 जून को भिवानी में होगा।
सरकार के पास शराब के उत्पादन, बिक्री और आय का रिकॉर्ड नहीं: हुड्डा
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए लगातार जनता के बीच पहुंच रही है। जबकि, सरकार को जनसंवाद की याद तब आई है, जब चुनाव नजदीक आ गए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने आबकारी विभाग को लेकर सीएजी की रिपोर्ट में हुए खुलासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास शराब के उत्पादन, बिक्री और आय का कोई रिकॉर्ड नहीं है। सबसे गंभीर बात यह है कि हरियाणा में जो शराब बेची जा रही है, उसकी यह जांच भी नहीं हो रही है कि वो पीने लायक है भी या नहीं।
कांग्रेस की सरकार बनने पर बुजुर्गों को देंगे 6 हजार पेंशन
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर बुजुर्गों को 6 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। कांग्रेस जो वादा करती है, उसे निभाती है। जबकि जजपा ने अपने मेनिफेस्टो में जो वादा किया था, वो उससे पीछे हट गई है। भाजपा लगातार कह रही है कि यह उसकी सरकार है। ऐसे में सवाल उठता है कि जजपा भाजपा को क्यों समर्थन दे रही है और भाजपा जजपा से क्यों समर्थन ले रही है। क्योंकि यह स्वार्थ के आधार पर बना गठबंधन है, इसे जनता के हित से कोई सरोकार नहीं है।
भाजपा में गुटबाजी चरम पर, राव इंद्रजीत और कृष्णपाल गुर्जर समेत कई गुट : उदयभान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि कांग्रेस पर सवाल उठाने वाली भाजपा खुद भयंकर गुटबाजी का शिकार है। भाजपा में अनिल विज, राव इंद्रजीत सिंह, चौधरी बीरेंद्र सिंह, कृष्ण पाल गुर्जर, अरविंद शर्मा और रमेश कौशिक जैसे कई गुट बने हुए हैं। खुद की अंदरूनी कलह पर पर्दा डालने के लिए भाजपा बार-बार कांग्रेस के बारे में भ्रामक बयानबाजी करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में गुटबाजी के साथ-साथ भगदड़ भी है। लगातार सत्ताधारी दलों को छोड़कर नेता कांग्रेस ज्वाइन कर रहे हैं। कांग्रेस का कुनबा लगातार विस्तार लेता जा रहा है।