- टेंडरों में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने प्रक्रियाओं को किया सुव्यवस्थित
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में लगभग 275 करोड़ रुपये की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल और श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक भी मौजूद थे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने बताया कि सिंचाई, पुलिस, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कुल 26 एजेंडे रखे गए थे, जिसमें से 18 एजेंडे को मंजूरी दी गई। आज विभिन्न कंपनियों से दरें तय कर लगभग 7 करोड़ 7 लाख रुपये की बचत की गई है।
पशु बीमा योजना के तहत किसानों को दिया 70 करोड़ रुपये का क्लेम:
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में पशु बीमा के लिए भी इंश्योरेंस कंपनी के साथ रेट कॉन्ट्रैक्ट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। पशु बीमा योजना कारगर सिद्ध हो रही है। इस योजना के तहत किसानों को 70 करोड़ रुपये का क्लेम दिया है।