सांसद कुमारी सैलजा कांग्रेस में सीएम पद के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। एक अभद्र टिप्पणी के कारण वे प्रचार के दाैरान लगभग 12 दिन मैदान से दूर रहीं थीं। बाद में राहुल गांधी के साथ उन्होंने मंच साझा किया था।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हार की तरफ बढ़ रही है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर सांसद और सीएम पद की प्रबल दावेदार कुमारी सैलजा की पहली प्रतिक्रिया आई है। कुमारी सैलजा ने कहा कि कुछ तो गड़बड़ हुई है। कहां तो हम 60 सीटों की बात कर रहे थे और कहां जीत के लिए जूझ रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई सीटें जीती हैं और कई सीटों पर आगे चल रही है। लेकिन, उन्हें अपडेट नहीं किया गया है, कई जगहों पर मतगणना रोक दी गई है। मैं अपने सभी साथियों से अनुरोध करता हूं कि वे डटे रहें, हमें बहुमत मिल रहा है।
कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित नहीं किया था। रणनीति के तहत बिना चेहरे के ही चुनाव लड़ा गया। हालांकि, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले दो बार सीएम रह चुके हैं और तीसरी बार के लिए भी मजबूत दावेदार थे। कुमारी सैलजा मतदान से पहले ही सोनिया गांधी से मुलाकात कर चुकी थीं। सैलजा ने कहा था कि अगर कांग्रेस जीतती है तो सीएम का चयन पार्टी हाईकमान करेगा, लेकिन उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वह एक वरिष्ठ नेता हैं और उनका वजन इतना है कि उन्हें शीर्ष पद के लिए सबसे आगे माना जा सकता है।