आबादी व क्षेत्र के हिसाब से हर गांव को बजट मिलेगा। सीएम ने कहा कि हमने भरोसा किया है। यदि काम नहीं होते और पंचायत पैसे नहीं लगाती तो उन्हें पकडे़गी जनता। यदि कोई पंचायत चाहे तो गांव में किसी योजना के तहत ग्रामीणों के सहयोग से बजट इकट्ठा कर सकती है। सीएम ने कहा कि पंचायत की तर्ज पर ही प्रत्येक जिले में जिला परिषद को 25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसी तर्ज पर नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका को भी विकास के लिए अतिरिक्त बजट दिया गया है।
हर साल 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में 80 हजार युवाओं को रोजगार दिया। अब हर साल 50 हजार युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इनमें केंद्र व प्रदेश की योजनाओं को शामिल कर पूरा किया जाएगा। दो वर्षों में करीब 1 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
प्रदेश में 1000 वेलनेस सेंटर बनाए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष पहले 1000 व्यायाम शालाएं खोली गई थी। अब प्रदेश में 1000 वेलनेस सेंटर बनाए जाएंगे, जहां पर एक जिम्मेदार की ड्यूटी लगाई जाएगी। जो वहां पर आने वाले आम आदमी को खान-पान, रहन-सहन और आयुर्वेदिक दवाइयों को खाने के तरीके के बारे में जानकारी देगा, ताकि बीमारियों से बचाया जा सके।
सीएम बोले- जात-बिरादरी छोड़ा, गांव में एक श्मशान हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले वर्षों में सरकार ने प्रत्येक गांव में एक श्मशान घाट को विकसित किया है, इस पर 750 करोड़ रुपये खर्च आया है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि श्मशान हर व्यक्ति का आखिरी रास्ता है। इसमें जाति-बिरादरी को शामिल नहीं करना चाहिए, बल्कि गांव में एक ही श्मशान घाट बनाएं।