चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा के पास बारिश में सड़क धंसी, चार घंटे जाम
चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर स्थित जीरकपुर शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी ओवरब्रिज व अंडरपास बना रही है। बुधवार शाम हुई बारिश के बाद गुरुवार सुबह चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा के पास बारिश के चलते सड़क धंस गई। इसका असर यह हुआ कि चंडीगढ़ की ओर आने वाले वाहन सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक करीब चार घंटे तक जाम में फंसे रहे। इस दौरान जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गईं जिस कारण लोगों की जान सांसत में फंस गई।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात हुई बरसात के बाद चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा के पास सड़क का एक हिस्सा पानी भरने की वजह से धंस गया। सड़क धंसने की वजह से वाहनों से होकर निकलने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों सड़क को कुछ देर के लिए बंद कर दिया और सड़क की मरम्मत के बाद खोला।
वाहनों की लगीं लंबी कतारें
ट्रैफिक जाम पटियाला चौक तक नीचे और ओवरब्रिज के ऊपर बुरी तरह से लग गया। इस दौरान ओवरब्रिज पर कतारों में खड़े वाहन चालकों ने आगे बढ़ने के बजाय पीछे मुड़ना बेहतर समझा और अन्य रास्तों की मदद लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर निकल गए।
सिंघपुरा और मैकडोनल्ड चौक से लौटे वाहन चालक
ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही डेराबस्सी व अंबाला की तरफ से आ रहे अधिकतर लोगों ने मैकडोनल्ड व सिंघपुरा चौक से अपने वाहन मोड़ लिए। चंडीगढ़ जाने वाले मैकडोनल्ड चौक से मोहाली और इसके बाद चंडीगढ़ में दाखिल हुए। वहीं पंचकूला और शिमला जाने वालों सिंघपुरा चौक से दाईं ओर मुड़कर गांव नगला से होते हुए पंचकूला पहुंचे। मुख्य हाईवे पर लगे जाम का असर लोहगढ़, पभात, जीरकपुर, बिशनपुरा, बलटाना और ढकोली वालों को भुगतना पड़ा, जो अपने घरों से निकलकर यहां पहुंचे तो जाम के अंदर बुरी तरह से फंस गए।
बुधवार रात हुई बरसात के बाद पानी भरने से चंडीगढ़ सीमा के पास सड़क धंस गई। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क को कुछ देर के लिए बंद किया गया ताकि सड़क की रिपेयर की जा सके। सड़क रिपेयर होने के बाद ट्रैफिक को पहले की तरह खोल दिया गया। -राजपाल गिल, इंचार्ज, ट्रैफिक पुलिस जीरकपुर
बारिश से शहर में जलभराव
देर शाम इलाके में हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। गुरुद्वारा श्री बाउली साहिब और हिल व्यू कॉलोनी के पास काफी पानी भर गया। इस दौरान कई बाइक चालक फिसलकर चोटिल हो गए। तेज बारिश होने के बावजूद यातायात पुलिस कर्मचारी चौक-चौराहों पर खड़े होकर यातायात को चलाते नजर आए। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करता देख लोगों ने जमकर सराहना की।