चंडीगढ़। किशनगढ़ के एक होटल में 19 वर्षीय युवती क्रिस्टल की हत्या के मामले में पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। मामले में आईटी थाना पुलिस ने नेपाल निवासी आशीष लोहानी को वारदात के दो दिन बाद जीरी मंडी चौक के पास से पकड़ा था। पूछताछ में उसने कबूल किया था कि क्रिस्टल उसके साथ रहना नहीं चाहती थी इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। हत्या से एक दिन पहले वह बाजार चाकू खरीदकर लाया था। अब मामले की सुनवाई 15 जून को होगी। पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपी आशीष ने नेपाल के काठमांडू में क्रिस्टल नाम की युवती से शादी की थी। शादी के बाद दोनों लुधियाना में रहने लगे थे। कुछ दिन बाद दोनों ने मोहाली के बड़माजरा में किराये पर मकान ले लिया और शिफ्ट हो गए। क्रिस्टल एक स्पा सेंटर में काम करने लगी जबकि आशीष एक डिस्क में नौकरी करने लगा। इस बीच आशीष का एक दूसरी युवती से अफेयर हो गया और वह क्रिस्टल को छोड़कर चला गया। उधर, क्रिस्टल की भी किसी और से दोस्ती हो गई।
8 मार्च को आशीष वापस लौट आया लेकिन उसे क्रिस्टल नहीं मिली। उसी दिन आशीष ने क्रिस्टल को किसी और युवक के साथ देख लिया। 10 मार्च को वह क्रिस्टल को किशनगढ़ के एक होटल में ले गया और वहां उसे साथ रहने के लिए मनाने लगा लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी होटल से फरार हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह हत्या के बाद लुधियाना भाग गया था। जाने से पहले उसने मोहाली में कटिंग और शेविंग करवाई थी, लेकिन वह एटीएम लेने बड़माजरा आया तो पुलिस ने उसे जीरी मंडी चौक के पास दबोच लिया।