चंडीगढ़। बुड़ैल में झगड़े के बाद पत्नी ने पति की हत्या कर दी और शव को रजाई में लपेटकर कमरे में ताला लगाकर फरार हो गई। मामला बीते 9 जून का है। मृतक की पहचान आशीष के रूप में हुई है। वारदात का पता तब चला जब मकान मालिक कमरे पर पहुंचा। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मकान मालिक के बयान के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।मोहाली सेक्टर-78 के रहने वाले मकान मालिक रविंद्र सिंह (52) ने बताया कि वह ठेके पर मकान बनाने का काम करते हैं। उनका एक मकान चंडीगढ़ के बुडैल गांव में मौजूद है जिसमें उन्होंने मजदूरों के रहने के लिए कमरे बनाए हुए हैं। शिकायतकर्ता मकान मालिक ने बताया कि उनके पास कुछ दिन पहले आशीष अपनी पत्नी व एक लड़की साथ कमरा लेने के लिए आया था। उन्होंने उसे बुड़ैल के उक्त मकान में रूम नंबर-11 दे दिया।
रविंद्र ने पुलिस को दिए बयानों में कहा कि दोनों पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। दोनों के बीच 9 जून को भी काफी झगड़ा हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया। शिकायत मिलने पर बुड़ैल चौकी पुलिस भी घर पहुंची थी, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच चौकी में ही समझौता हो गया। उसके बाद घटना वाले दिन देर शाम को जब रविंद्र बुडै़ल स्थित अपने मकान पर आशीष से बात करने के लिए पहुंचे तो उसके कमरे पर ताला लगा हुआ था लेकिन कमरे के अंदर लाइट और पंखा चल रहा है। उन्हें पहले तो लगा कि दोनों कहीं बाहर गए होंगे, लेकिन जब उन्होंने दरवाजे में बने सुराख से अंदर झांका तो कोई रजाई में लिपटा नजर आया। इसके बाद उन्होंने बुड़ैल चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर देखा कि रजाई में कोई और नहीं बल्कि आशीष अचेत अवस्था में पड़ा था। उसके मुंह से खून भी निकल रहा था। पुलिस तुरंत उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविंद्र ने आशीष की हत्या का शक उसकी पत्नी रूबी पर जताया। मामले में सेक्टर-34 थाना पुलिस ने रविंद्र के बयानों पर फरार हुई मृतक की पत्नी रूबी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।