स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि जीएमसीएच-16 ने पिछले हफ्ते में कोरोना के 11,390 नमूने एकत्रित किए, जिनमें संक्रमण दर 0.5 प्रतिशत रही जबकि रिकवरी रेट 98.4 प्रतिशत। अब शहर की घनी आबादी वाले इलाकों में सभी को वैक्सीन लगाने के मकसद से जल्द ही डोर टू डोर टीकाकरण अभियान शुरू होगा। इसके लिए सबसे पहले मनीमाजरा और डड्डूमाजरा को चुना गया है।
यहां स्थानीय पार्षद की मदद से इस काम को पूरा किया जाएगा। बताया कि शहर में कुल योग्य आबादी के 71 फीसदी को वैक्सीन की पहली डोज और 17 फीसदी दो दोनों डोज दी जा चुकी है। बताया कि सरकारी अस्पताल में 55 हजार और निजी अस्पताल में 45000 वैक्सीन की डोज उपलब्ध है। जुलाई महीने में 75000 डोज और मिलने की उम्मीद है, इसलिए शहर में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है।
कारपोरेट क्षेत्र से अपील, निजी अस्पतालों से वैक्सीन खरीद, सरकारी अस्पतालों को करें दान
प्रशासक बदनौर ने कारपोरेट क्षेत्र से अपील की है कि वह निजी अस्पतालों से लागत-दर-लागत के आधार पर सीएसआर फंड से वैक्सीन की खरीद के लिए आगे आएं और इसे सरकारी अस्पतालों को आम जनता के लिए दान करें। प्रशासक ने पिछले कुछ दिनों में शहर में टीकाकरण अभियान चलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना भी की।
उन्होंने अस्पतालों को बाल रोग मामलों के लिए स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पूरी तरह से तैयार रहने के आदेश दिए। बैठक में नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने कहा कि भारी बारिश की वजह से पानी एकत्रित न हो, इसके लिए 18 टीमों का गठन किया गया है और एक हेल्पलाइन नंबर 0172- 2787200 भी जारी किया गया है।
पीजीआई की सभी ओपीडी खुलीं, इमरजेंसी लगभग फुल
बैठक में पीजीआई के डॉ. जीडी पुरी ने बताया कि पीजीआई में कोरोना वायरस के 45 गंभीर मरीज भर्ती हैं। बीते दिनों पीजीआई ने कोरोना जांच के लिए 1295 नमूने एकत्रित किए, जिनमें संक्रमण दर 1.62 फीसदी रही। उन्होंने बताया कि पीजीआई की लगभग सभी ओपीडी को खोल दी गई हैं और रोजाना करीब 100 सर्जरी हो रही हैं। इमरजेंसी वार्ड 200 मरीजों के साथ लगभग फुल हो गया है।
2200 में से करीब 1500 बेड पर नॉन-कोविड मरीज भर्ती हैं। डॉ. पुरी ने बताया कि 1000 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाला दो ऑक्सीजन प्लांट पीजीआई में शुरू हो गए हैं। प्रशासक ने जिनोम सिक्वेंसिंग लैब के बारे में पूछा। इस पर पीजीआई के अधिकारियों की तरफ से जवाब दिया गया कि इस पर काम चल रहा है और जल्द ही इसे शुरू कर दिया जाएगा।