चंडीगढ़ में धुंध में लकड़ी लेकर जाते राहगीर।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से रविवार को चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर जहां बादल छाए रहे, वहीं ठंडी हवाओं के चलने और हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई। लोग कांपते नजर आए। रविवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी शहरवासियों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। बुधवार को फिर बारिश के आसार हैं।
रविवार को दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई, इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से शहर में ठिठुरन भरी सर्दी भी बढ़ गई है। सर्दी बढ़ने के कारण रविवार को सुबह की सैर के लिए लोग कम निकले। रविवार को सुबह से ही बादल छाए थे। दोपहर करीब दो बजे अचानक मौसम बदल गया और बूंदाबांदी शुरू हो गई।
कुछ देर के बाद बारिश रुक गई लेकिन बादल छाए रहे। शाम को गलन और ठिठुरन ने लोगों को अलाव जलाने को मजबूर कर दिया। रविवार को अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे। सुबह और शाम धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री तक पहुंच सकता है।
अगले पांच दिन के तापमान का अनुमान
- दिन अधिकतम न्यूनतम
- सोमवार 19 7
- मंगलवार 20 8
- बुधवार 19 7
- वीरवार 18 7
- शुक्रवार 19 6