चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर 8 फरवरी को बंदी सिखों की रिहाई के लिए पुलिस के साथ हुई झड़प के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार के बाद मंगलवार को भी 10 नए प्रदर्शनकारियों के फोटो जारी किए। पुलिस ने लोगों से इनके बारे में जानकारी देने की अपील की है। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
पुलिस ने सोमवार को भी 10 तस्वीरें जारी की थीं। अब तक कुल 30 फोटो जारी कर दिए गए हैं, जिनमें से सात की पहचान हो गई है। इनमें हरदीप सिंह बराड़, हरमनदीप सिंह तूफान और लुधियाना निवासी सतवंत सिंह संधू, अमृतसर निवासी उदयवीर सिंह, पटियाला निवासी जगसीर सिंह, मोगा निवासी भगवंत सिंह शामिल हैं।
अन्य के बारे में जानकारी देने के लिए पुलिस ने ईमेल
firno.63@gmail.com और व्हाट्सएप नंबर
98759-84001 भी जारी किया है। सिख बंदियों की रिहाई के लिए कौमी इंसाफ मोर्चा काफी समय से सेक्टर-52-53 के चौक पर प्रदर्शन कर रहा है। बीते 8 फरवरी को बातचीत के दौरान अचानक कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
17 धाराओं में कई लोगों पर पुलिस ने दर्ज किया है केस
पुलिस का आरोप है कि आठ फरवरी को कई प्रदर्शनकारी पुलिस से हथियार सहित काफी सामान भी लूट कर ले गए। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शुरुआत में सात नेताओं समेत कुल आठ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इन सभी पर हत्या का प्रयास, लूट, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आर्म्स एक्ट समेत कुल 17 धाराएं लगाई हैं। मामले में गुरचरण सिंह, बलविंदर सिंह, लोक अधिकार लहर, अमर सिंह चहल, दिलशेर सिंह जंडियाला, जसविंदर सिंह राजपुरा, रुपिंदर जीत सिंह व अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उधर, वकीलों के विरोध के बाद पुलिस ने अमर सिंह चहल का नाम केस से हटाने का आश्वासन दिया है।