बुड़ैल जेल के बाहर खड़ी चंडीगढ़ पुलिस की कवच गाड़ी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़ की मॉडर्न बुड़ैल जेल में गुरुवार दोपहर को धमाके की सूचना के बाद जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में कैदी और कर्मचारियों को अलर्ट करने के लिए सायरन बजाया गया। इसके बाद जेल अधिकारियों ने तुरंत कैदियों को बैरकों में बंद कर दिया।
करीब एक घंटे तक जेल प्रशासन ने सीआरपीएफ के साथ सर्च किया। साथ ही जेल के बाहर भी जांच की। इसके बाद पता चला कि जेल के पीछे 23 अप्रैल को आरडीएक्स मिलने और बीते दिनों मोहाली में पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस मुख्यालय में हुई विस्फोट की घटना के चलते सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए यह मॉक ड्रिल की गई है।
सूचना के बाद जेल और पुलिस आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही डॉग स्क्वायड, बम स्क्वायड, ऑपरेशन सेल, दमकल विभाग, जिला अपराध प्रकोष्ठ और पास के थानों की पुलिस तुरंत बुड़ैल जेल पहुंची। जेल में पांच आतंकी भी बंद है। बीते दिनों जेल में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे मंजीत से मोबाइल मिला था।