फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh MC Result 2021 Live: सभी नतीजे घोषित, 14 आप के खाते में, भाजपा को मिली 12 सीटें, कांग्रेस तीसरे स्थान पर

Mon, 27 Dec 2021 02:30 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। 35 सीटों वाले निगम में इस बार आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आप को 14 सीटें मिली हैं। वहीं भाजपा दूसरे स्थान पर रही है। कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही।  
विज्ञापन
जीत के बाद जश्न में डूबे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा की झोली में 12 सीटें आई हैं। कांग्रेस को आठ सीटों पर विजयी मिली है। शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी ने एक सीट पर अपना परचम लहराया। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। मेयर बनाने के लिए तीनों प्रमुख दल जोड़तोड़ की राजनीति करेंगे। आइए नजर डालते हैं सभी वार्डों के चुनाव नतीजों पर...

विज्ञापन


सदन में 13 महिलाएं करेंगी प्रतिनिधित्व

नगर निगम सदन में इस बार 13 महिलाएं प्रतिनिधित्व करेंगी। महिला वार्ड में सबसे अधिक आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। नगर निगम में महिलाओं के लिए 12 वार्ड आरक्षित हैं लेकिन कांग्रेस ने प्रियंका गांधी के लड़की हूं लड़ सकती हूं, के तर्ज पर चंडीगढ़ में 40 प्रतिशत सीटें महिलाओं को दी थीं। 

नगर निगम में आरक्षित वार्डों की 12 सीटों के अलावा पुरुष जनरल वार्ड से दो महिलाओं वर्तमान पार्षद गुरबक्श रावत और महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे को टिकट दिया था। इनमें गुरबक्श रावत ने जीत हासिल की है। इसके मुताबिक अब 13 महिलाएं नगर निगम में शहर के विकास के लिए नीतियां बनाने में योगदान देंगी। 
विज्ञापन


महिला उम्मीदवारों में आप की जसविंदर कौर, सुमन देवी, पूनम, तरुणा मेहता, नेहा, अंजू कत्याल और प्रेमलता ने जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस की दर्शना देवी, हरप्रीत कौर बबला, गुरबक्श रावत और निर्मला देवी पार्षद चुनी गई हैं। दूसरी ओर, भाजपा की सरबजीत कौर और बिमला देवी भी चुनाव जीतने में कामयाब रही हैं। 

यहां पढ़ें हर वार्ड का हाल

सेक्टर- 10 स्थित होम साइंस कॉलेज में सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू हुई। 
वार्ड- 1 : रिजल्ट महज 45 मिनट में आ गए। यहां से आप प्रत्याशी जसविंदर कौर जीतीं। उनके जीतते ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। 
नंबर- 2 : इसके बाद इस वार्ड की गिनती शुरू हो गई। परिणाम यह भी एक घंटे में सामने आ गया। यहां से महेशइंदर सिंह सिद्धू की जीत हुई तो बाकी दलों के समर्थक चलते बने। 
वार्ड नंबर-3 : इस वार्ड का परिणाम सवा घंटे में आया। यहां भाजपा के दिलीप शर्मा 90 वोट से जीते। इसके बाद जश्न का दौर शुरू हो गया। 
वार्ड- 4 : यहां से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी सुमन की जीत हुई, लेकिन भाजपा ने दोबारा काउंटिंग करवाई। मगर जीत का सेहरा सुमन के सिर पर सजा। उसके बाद समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। 
वार्ड नंबर 5: यहां से कांग्रेस प्रत्याशी दर्शना रानी जीतीं। उनके जीतते ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
पार्षद जगतार सिंह जग्गा ने पत्नी के साथ मिलकर निकाली रैली।
वार्ड नंबर 6: यहां से भाजपा प्रत्याशी सबरजीत कौर ने मैदान मारा। उनके जीतते ही समर्थकों ने जश्न मनाया। उन्होंने भी अपने पति के साथ रैली निकालकर लोगों का आभार जताया। 
वार्ड नंबर 7: मौली जागरां कांप्लेक्स और विकास नगर से भाजपा के मनोज कुमार सोनकर ने जीत हासिल कर वार्ड रैली निकाली। उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास पर मुहर लगाई है।  
वार्ड नंबर 8: मौली गांव के साथ रायपुरकलां, रायपुर खुर्द, मक्खन माजरा की सीट से भाजपा के हरजीत सिंह जीत कर अपने समर्थकों के साथ रैली निकाल जश्न मनाया।  

वार्ड नौ से 12 का हाल
सरकारी स्कूल सेक्टर-18 में बने चुनाव मतगणना केंद्र के बाहर सुबह 8 बजे से ही पुलिसकर्मी तैनात थे। यहां किसी को भी केंद्र के अंदर बिना पहचान पत्र के एंट्री नहीं थी। उम्मीदवार के साथ एक ही व्यक्ति को केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दी जा रही थी, जिसके पास पहचान पत्र नहीं था, उसे एंट्री गेट से ही वापस लौटाया जा रहा था। 

अभी वोटों की गिनती शुरू नहीं हुई थी लेकिन केंद्र के बाहर लगभग 8.45 बजे उम्मीदवारों के समर्थकों ने आना शुरू कर दिया था। केंद्र के बाहर शांतिमय माहौल बना रहे, इसे लेकर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे। समर्थकों को बार-बार वहां से हटाया जा रहा था। वार्ड नंबर 9 का परिणाम 10.34 बजे घोषित हुआ लेकिन परिणाम घोषित होने से आधा घंटा पहले ही समर्थकों ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया था। कांग्रेस की जीत का बिगुल 11.41 बजे वार्ड नंबर 10 की जीत के साथ बजा। पार्टी के उम्मीदवार और समर्थक केंद्र के बाहर ज्यादा देर नहीं रुके।

हार और ढोल का इंतजार
वार्ड नंबर 11 सीट भी भाजपा की झोली में गई। 12.45 बजे जैसे ही जीत का पता लगा, जय श्रीराम के जयकारे लगने लगे। यहां पर जीत का जश्न लगभग 20 से 25 मिनट बाद मनाया गया, क्योंकि समर्थकों के पास उम्मीदवार को पहनाने के लिए न तो हार थे और न ही ढोल बजाने वाले का बंदोबस्त था। हार और ढोली आया तो ढोल की थाप पर नाचना शुरू किया गया।

वार्ड नंबर 11 और 12 का परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों के जश्न के चलते रोड पर जाम लग गया। पुलिसकर्मी बार-बार समर्थकों को केंद्र के बाहर भीड़ न करने का आग्रह करते दिखाई दिए लेकिन जश्न के माहौल में पुलिसकर्मियों की बात पर समर्थक ध्यान नहीं दे रहे थे। दोपहर बाद 2:12 बजे वार्ड नंबर 12 का परिणाम घोषित होते ही जोशी-जोशी के नारों की गूंज जश्न का माहौल बनाने लगी। जोशी की जीत के जश्न के चलते समर्थक एंट्री गेट के अंदर तक जाना शुरू हो गए क्योंकि यह इस केंद्र का अंतिम परिणाम था, ऐसे में पुलिस कर्मियों ने भी उन्हें ज्यादा सख्ती न दिखाते हुए नरमी बरती।

भाजपा के मेयर रविकांत शर्मा हारे। - फोटो : अमर उजाला

वार्ड नंबर- 13: आप प्रत्याशी चंद्रमुखी शर्मा ने पहले राउंड में बढ़त बनाए रखी। उसके बाद कांग्रेस के सचिन गालव ने लीड बना ली और जीत हासिल कर ली। 
वार्ड 14: भाजपा के कुलजीत सिंह संधू और आप के कुलदीप सिंह कुक्की के बीच काफी टक्कर रही। कड़ी टक्कर के बाद भाजपा प्रत्याशी ने जीत हासिल कर ली। इसके बाद जश्न शुरू हो गया। 
वार्ड- 15: वोटों की गिनती शुरू हुई। शुरू से ही आप प्रत्याशी रामचंद्र यादव ने दबदबा बनाए रखा। कांग्रेस के धीरज गुप्ता को कड़ी टक्कर के बावजूद हरा दिया। उसके बाद ढोल नगाड़े के साथ आप की जीत का जश्न शुरू हुआ। 
वार्ड 16: आप की पूनम ने जीतकर गिनती का दौर खत्म किया। कांग्रेस और आप समर्थकों ने ढोल की थाप पर जश्न किया। 
मतगणना केंद्रों का हाल

मतगणना केंद्र नंबर- 4 पर वार्ड नंबर-17 से 20 तक के मतों की गिनती हुई। सुबह 8.30 बजे वार्ड नंबर-17 के सभी पार्टियों के प्रत्याशी और काउंटिंग एजेंट केंद्र पर पहुंच गए। सुबह 9.06 बजे वार्ड नंबर-17 के मतों की गिनती शुरू गई। थोड़ी ही देर बाद नतीजे आ गए। इस सीट से मेयर रविकांत शर्मा हार गए। 

वार्ड नंबर-18 में आप और कांग्रेस के प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। हालांकि आप प्रत्याशी नेहा के जीतते ही केंद्र के बाहर जश्न का माहौल शुरू हो गया। वार्ड नंबर-19 से भी आप ही जीती। वार्ड नंबर-20 में आजाद उम्मीद कृपानंद ठाकुर और कांग्रेस के गुरचरणजीत सिंह के बीच मुकाबला रहा। कृपानंद ठाकुर आगे रहे लेकिन आखिरी राउंड में गुरचरणजीत सिंह ने बाजी मार ली। कांग्रेस के समर्थक केंद्र के बाहर ट्रैक्टर व गाड़ियों में गाने चलाकर सड़क पर खूब नाचे। गुरचरणजीत सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत हुआ। 

वार्ड-21: केंद्र में सुबह साढ़े आठ बजे से विभिन्न प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक जुटना शुरू हो गए थे।  9 बजे से मतों की गणना शुरू हुई। सुबह साढ़े 9 बजे जब तक हर पार्टी के कार्यकर्ताओं के माथे पर चिंता की लकीरें थी। यहां से आप प्रत्याशी जसबीर सिंह जीते। 
वार्ड-22: इसके बाद पार्टियों के समर्थक बेसब्री से इंतजार करने लगे। यहां से आप प्रत्याशी अंजू कत्याल ने बाजी मारी। 
वार्ड- 23: यहां से भी आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी प्रेमलता ने मैदान मारा। उनके घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। 
वार्ड 24: इस सीट पर कांग्रेस का दबदबा रहा। यहां से कांग्रेस के जसबीर सिंह ने जीत दर्ज की। उनके समर्थकों ने जबरदस्त जश्न मनाया। 
वार्ड नंबर- 25 का करीब सवा 10 बजे परिणाम आया। इसी दौरान ढोल के साथ आप के प्रत्याशी योगेश धींगड़ा और उनके समर्थकों ने कॉलेज के बाहर करीब 15 मिनट तक डांस किया।
वार्ड नंबर- 26: करीब 11 बजे कॉलेज के सामने पार्क में समर्थक परिणाम का इंतजार कर रहे थे। करीब 11 बजकर 20 मिनट पर जैसे ही परिणाम आया तो बाहर समर्थक स्वगत के लिए फूलों का हार लेकर आप पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार का कॉलेज के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। बाहर आते वह कुलदीप कुमार को गोद में उठा लिया। कुलदीप कुमार जीत की खुशी में भावुक होकर रोने लगे। समर्थकों ने जोर-जोर से टीटा प्रधान जिंदाबाद के नारे लगाए। हारने के बाद भाजपा के पूर्व मेयर राजेश कालिया निराश दिखे। 
वार्ड 27: मतों की गणना शुरू हुई। करीब 12 बजे कांग्रेस प्रत्याशी गुरबक्श रावत 1500 वोटों से आगे चल रही थीं। बाहर उनके समर्थकों ने जीत से पहले ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। सवा 12 बजे गुरबक्श रावत 2788 वोटों से जीत गईं। समर्थकों ने उन्हें गोद में उठा लिया। 
वार्ड नंबर 28 : परिणाम के लिए समर्थक कॉलेज के बाहर इंतजार कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल देवी की जीत हुई और करीब एक बजकर 35 मिनट पर समर्थकों ने निर्मला के गले में फूलों के हार डालकर स्वागत किया और डांस किया। निर्मला के चेहरे से खुशी नहीं जा रही थी। इन चारों वार्ड के मतगणना के दौरान आईपीएस मृदुल मौजूद रहे।

विज्ञापन

वार्ड नंबर- 29: वोटों की गनती सुबह नौ बजे शुरू हुई। कुछ ही देर में रुझान आने शुरू हो गए। यहां से आप प्रत्याशी मनोहर ने जीत दर्ज की। इसके बाद उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।   
वार्ड नंबर- 30: शिअद उम्मीदवार हरदीप सिंह जीते। जीत के बाद जोरदार नारेबाजी शुरू हुई। वहां से भी कांग्रेस की हार हुई। 
वार्ड नंबर 31: आम आदमी पार्टी के लखबीर सिंह ने जीत दर्ज की। उनके जीतते ही जश्न शुरू हो गया।  
वार्ड नंबर 32: जब वोटों की गिनती की बारी आई तो कई महिलाएं बोल उठीं पता नहीं कहां से आम आदमी पार्टी आ गई। यहां से भाजपा के जसमनप्रीत सिंह ने जीत दर्ज की। उनके जीत से समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। 

वार्ड-33: सबसे पहले इस वार्ड का रिजल्ट आया। यहां से भाजपा के कंवर राणा जीते। मतगणना स्थल पर सुबह आठ बजे से ही इनके समर्थक पहुंचना शुरू हो गए थे। जैसे ही उनके नाम की जीत की घोषणा हुई, वहां उपस्थित उनके समर्थक खुशी से उछल पड़े। उन्होंने एक दूसरे को बधाई और जमकर सेल्फी ली। जीत के बाद कंवर राणा ने कहा कि वह अपने वार्ड में सुधार का काम करेंगे। सबसे पहले पार्किंग की समस्या दूर करेंगे। इसके साथ बिजली की पुरानी तारें बदलने के बाद लाइब्रेरी भी स्थापित करेंगे। 

वार्ड- 34: वार्ड 33 के बाद यहां की मतगणना शुरू हुई। यहां पर जैसे ही कांग्रेस पार्टी के गुरप्रीत सिंह गाबी के जीतने की सूचना मिलते ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जीत की बधाई के लिए फोन आने लग गए। गुरप्रीत सिंह गाबी ने समर्थकों के बीच जाकर भंगड़ा डाला। जीत के बाद गाबी ने कहा कि वार्ड में सड़कों की हालत सुधारने के साथ सफाई व्यवस्था की तरफ पूरा ध्यान देंगे। इसके साथ ही पार्कों का सुधार कराएंगे। वहीं सबसे पहले सीनियर सिटीजंस के लिए मोबाइल डिस्पेंसरी बनाने का भी काम करेंगे।
 
वार्ड-35: मतगणना सेंटर पर आखिरी में इस वार्ड का रिजल्ट आया। यहां से भाजपा के राजिंदर शर्मा जीते। मतगणना केंद्र पर इनके समर्थक मिठाइयों के साथ वहां उनके जीतने का इंतजार करते हुए दिखाई दिए। जीत की सूचना मिलने के बाद ही मिठाइयां खिलाने का दौर शुरू हो गया। इसके बाद राजिंदर शर्मा ने कहा कि वह जीतने के बाद अपने वार्ड का आदर्श वार्ड बनाएंगे।  सोसाइटियों में लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने का प्रयास करेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें