नगर निगम में अब तक भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुख्य मुकाबला होता रहा है लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी की एंट्री ने चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। आप नेता दावा कर रहे हैं कि इस बार सदन में उनका मेयर होगा। हालांकि राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि मेयर के लिए अभी आम आदमी पार्टी को इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि आप के उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस के कई नामी चेहरों का खेल बिगाड़ सकते हैं। कई सीटों पर भाजपा और आप उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने भी दावा किया है कि इस बार जनता उनके साथ है और मेयर उनका होगा। वहीं, भाजपा भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है।
नतीजों के बाद मेयर की कुर्सी के लिए शुरू होगी दौड़
नगर निगम चुनाव में इस बार 60.78 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब सोमवार को नतीजों के बाद मेयर की कुर्सी के लिए दौड़ शुरू हो जाएगी। भाजपा और कांग्रेस के समर्थक अपनी पार्टी को स्पष्ट बहुमत से निगम में सरकार बनाने की बात कह रहे हैं लेकिन मतदान के बाद से अब किसी एक पार्टी के लिए 19 सीटों की राह आसान नजर नहीं आ रही। 35 में से 19 सीटें लाने वाली पार्टी को ही नगर निगम की सत्ता मिलेगी।
यहां होगी मतगणना
- वार्डों की संख्या मतगणना स्थल
- वार्ड 1 से 4 तक सेक्टर-10 स्थित सरकारी होम साइंस कॉलेज
- वार्ड 5 से 8 तक सेक्टर-26 के सीसीईटी
- वार्ड 9 से 12 तक सेक्टर-18 के सरकारी स्कूल
- वार्ड 13 से 16 तक पीजीजीसी-11
- वार्ड 17 से 20 तक गवर्नमेंट कॉलेज फॉर एजुकेशन-20
- वार्ड 21 से 24 तक होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट-42
- वार्ड 25 से 28 तक जीसीजी-42
- वार्ड 29 से 32 तक बिजनेस कॉलेज-50
- वार्ड 33 से 35 तक पीजीजीसी-46
चुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से उत्साहित है। कार्यकर्ताओं ने जो फीडबैक दिया है, उसके मुताबिक, पार्टी चुनाव जीत रही है। इस बार परिवर्तन तय है। शहरवासियों ने इसके लिए ही रिकॉर्ड मतदान किया है। - सुभाष चावला, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस।
प्रचंड बहुमत से जीत रही भाजपा: सूद
रविवार को सभी प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर फीडबैक लिया है। इसके अनुसार भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत रही है। हम जीत के प्रति आश्वस्त हैं। मैंने पार्टी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना की प्रक्रिया को पूरा कराएं। - अरुण सूद, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा।
वर्ष 2016 में किस पार्टी को कितने प्रतिशत मिले थे मत
पार्टी वोट प्रतिशत
भाजपा 42.98
कांग्रेस 33.57
शिअद 6.24
बसपा 5.27
निर्दलीय 10.03
एनसीपी 0.02
नोटा 1.58
कुल 59.54