हरियाणा कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 10 मार्च तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील व खुश्क रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और उत्तर-उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी। मगर 11 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में फिर से बदलाव आएगा, जिससे 11 मार्च की रात व 12 मार्च को हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बारिश की संभावना है।
फसलों में पानी जमा न होने दें
एचएयू के कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम खुश्क रहने की संभावना को देखते फसलों में आवश्यकता अनुसार स्प्रे करें। बारिश के कारण सब्जियों में ज्यादा पानी जमा हो तो उसे निकाल दें।
बारिश से नुकसान को चिंतित सरकार, नुकसान की रिपोर्ट तलब
हरियाणा में दो दिन से चल रही बरसात और ओलावृष्टि के चलते किसानों की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। प्रदेश सरकार भी इस नुकसान को लेकर खासी चिंतित है। जिसके चलते सरकार ने नुकसान के आंकलन की रिपोर्ट तलब कर ली है। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गत चार मार्च व पांच मार्च को हुई भारी बरसात व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के आंकलन के लिए रिपोर्ट तैयार किए जाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
फसलों को नुकसान पाए जाने पर उन क्षेत्रों में स्पेशल गिरदावरी करवाई जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी तीन बार हुई ओलावृष्टि से फसलों पर पड़े प्रभाव के आंकलन के लिए रिपोर्ट तैयार किए जाने के निर्देश दे दिए गए थे। प्रदेश के भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी व नूंह जिला क्षेत्रों में जनवरी माह में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे।
दूसरी बार की ओलावृष्टि के प्राथमिक विवरण में फसलों को नुकसान नहीं पाया गया। तीसरी बार 29 फरवरी को हुई ओलावृष्टि के परिणामस्वरूप फसलों पर पड़े प्रभाव की रिपोर्ट अभी आनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत दिशा निर्देश निर्धारित हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बैंकिंग क्षेत्र द्वारा लाभार्थियों को भरपाई प्रदान की जाती है।