कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने 8 मार्च को महिला दिवस पर आयोजित होने वाली सभी सरकारी समारोह को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है। यह जानकारी एडीसी (डी) अमृत सिंह ने दी। उन्होंने बताया सरकार की तरफ से जारी आदेश पर सात मार्च को श्री गुरुनानक देव जी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया जाना था।
इसमें भारी संख्या में महिलाओं को हिस्सा लेना था। वही आठ मार्च को पीएयू में भी एक समारोह का आयोजन किया जाना था। इसमें भी शिरकत करने के लिए भारी संख्या में महिलाओं को आना था। अब दोनों समारोह का अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है। वहीं डीसी प्रदीप अग्रवाल ने माल विभाग में जमीन रजिस्ट्री के दौरान बायोमैट्रिक हाजिरी बंद कर दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया में फैल रहे भ्रमित प्रचार से दूर रहने को कहा। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि सेहत विभाग की तरफ से कोरोनावायरस को देखते सभी अस्पताल में पृथक वार्ड की स्थापना कर दी गई है। पूरे जिले को कवर करने के लिए सेहत विभाग ने 43 रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन कर दिया है।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर सेहत विभाग के मुलाजिम आम लोगों को कोरोनावायरस के संबंध में जागृत कर रहे है। आम लोग कोई भी जानकारी देने के लिए सेहत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0161-2444193, डॉ. दिवजोत सिंह 90412-74030 व डॉ. राजेश कुमार 98557-16180 पर संपर्क कर सकते है।
जालंधर: कोरोनावायरस के शक में दाखिल दो बच्चों की रिपोर्ट आई निगेटिव
कोरोनावायरस के शक के चलते दोआबा अस्पताल में दाखिल दो बच्चों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कुछ दिन पहले लोगों में उस समय दहशत फैल गई थी, जब इटली से जालंधर आए एक परिवार के दो बच्चों को कोरोनावायरस के चलते जांच के लिए भेजा गया था।
दोनों बच्चे को बुखार व खांसी की शिकायत थी। कोरोनावायरस का शक होने के कारण रिश्तेदारों ने उन्हें जालंधर स्थित दोआबा अस्पताल में दाखिल करवाया था। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों बच्चों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए दिल्ली भेजे थे। दिल्ली से इन दोनों बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डॉक्टर आशुतोष गुप्ता ने कहा कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दोनों बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।