सेक्टर 6 के जनरल अस्पताल में चेन स्नैचिंग कर रही एक महिला को लोगों ने धर दबोचा। आरोपी महिला ने एक तीमारदार को वार्ड का रास्ता बताने के बहाने उसकी आंखों में मिर्च झोंककर चेन झपटी थी। पीड़िता ने शोर मचायातो लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया। आरोपी से पुलिस ने स्नैचिंग की चेन और मिर्च पाउडर बरामद किया है।
घटना मंगलवार दोपहर बाद करीब 2:30 बजे हुई। मानकपुर टबरा निवासी सुनीता मरीज को देखने सेक्टर छह के जनरल अस्पताल आई थी। इस दौरान निक्कू वार्ड का रास्ता बताने के बहाने एक महिला ने उससे बातचीत की। थोड़ी दूर जाकर वॉशरूम के पास उसकी आंखों में मिर्च झोंककर महिला ने चेन झपट ली।
पीड़िता ने शोर मचाया तो आसपास लोग इकट्ठा हो गए। वहां मौजूद लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी को थप्पड़ मारे और बाद में महिला सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर एसआई बिजेंद्र और कांस्टेबल वीरेंद्र पहुंचे और उन्होंने महिला सुरक्षाकर्मियों की मदद से आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी नेहा मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली है, जो फिलहाल सेक्टर नौ में रह रही थी। उसका पति कारपेंटर है। पुलिसकर्मियों ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सीआईए के हवाले कर दिया।
वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
स्नैचिंग की यह पूरी वारदात जनरल अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोपी महिला जिस वक्त स्नैचिंग कर रही थी, उसकी तमाम गतिविधियों को आसपास से गुजर रहे लोगों ने देखा था। वहीं, पुलिस के मुताबिक, इस तरह की घटना की कोशिश कर रही महिला की तलाश पुलिस को पहले से थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला पहले भी स्नैचिंग की वारदात में लिप्त रही है।