कैप्टन ने चन्नी को संबोधित करते हुए कहा कि यह मैं नहीं हूं, जिसकी बादल के साथ कोई सांठगांठ थी, बल्कि आपने अपने भाई को बचाने के लिए बादल के साथ गठजोड़ किया, जिसमें मैं भी एक आरोपी था। कैप्टन ने चन्नी से कहा कि शीशे के घरों में रहने वालों को दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।
कैप्टन ने आगे कहा कि अगर मैंने बादल के साथ गठबंधन किया होता और उनके साथ कोई सांठ-गांठ की होती। जैसा आप मुझ पर आरोप लगा रहे हो, मुझे तेरह साल तक उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ता। कैप्टन ने चन्नी को इस बात की चुनौती भी दी कि वह उन पर बादल से भाई के लिए समझौता करने के आरोपों से इनकार करके दिखाएं और बताएं कि क्या उन्होंने सुखबीर के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया?
चन्नी ने साधा कैप्टन पर निशाना
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने नवांशहर के हलका बंगा दौरे के दौरान खटकड़कलां रैली में कैप्टन अमरिंदर सिंह पर कई हमले किए। अपने संबोधन में उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को अकाली दल व भाजपा के बीच की कड़ी करार दिया और कहा कि बादलों और कैप्टन ने आपस में मिलकर पंजाब को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि पूरा पंजाब बादल परिवार खा गया है। उनके पास 1200 बसें थी। यह सब अब थानों में हैं। बादल व कैप्टन मिलकर राज करते थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह भी इनके साथ मिले थे। मौजूदा समय में भी कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा के मोदी व अकाली दल के बीच कड़ी के रूप में काम कर रहे हैं और यह चुनाव भी मिलकर ही लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि जब पार्टी के सीनियर नेता इन बातों को हाईकमान के ध्यान में लाते थे तो मिलीभगत से अकाली दल वाले सीएम के घर के आगे धरना लगा देते। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने बसपा को तो साजिश के साथ अपने साथ लगा रखा है। अकाली दल ने सीटें भी ऐसी दी हैं, जिन पर उनका कोई नाम लेवा भी नहीं है। होशियारपुर, पठानकोट, मोहाली में बसपा का कोई कार्यकर्ता तक नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब इन सब बातों को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि वे जितने भी एलान करेंगे, वे सभी आम आदमी को ध्यान में रखकर करेंगे।