सेक्टर- 20 के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास लगा कूड़े का ढेर।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ी हैरानी होती है जब स्कूल की दीवार पर बड़े-बड़े अक्षरों में स्वच्छ भारत अभियान के नारे लिखे हों और ठीक उसके सामने गंदगी का ढेर लगा हो। जी हां! सेक्टर- 20 के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने कुछ ऐसा ही है। बात यही खत्म नहीं होती सेक्टर- 45 के सरकारी स्कूल के चहारदीवारी के बाहर भी यही हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारियों ने पूरी तरह से ध्यान दिया होता तो रैकिंग में चंडीगढ़ नहीं पिछड़ता। कभी सफाई में पूरे देश में नंबर एक रहने वाला सिटी ब्यूटीफुल साल दर साल पिछड़ता जा रहा है। गंदगी का यही हाल रहा तो रैंकिंग में चंडीगढ़ और पिछड़ता जाएगा।
बहुत खराब लगता है, जब स्कूल के पास से गुजरती हूं
सेक्टर- 20 के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चहारदीवारी पर स्वच्छता के बड़े अक्षरों में नारे लिखे हैं, लेकिन ठीक उसके सामने सड़क के दूसरी छोर पर कूड़ा का ढेर लगा है। कम से कम यहां पर कूड़ा नहीं गिराना चाहिए। उधर से गुजरने में बुरा लगता है। अधिकारियों को इस पर सोचना चाहिए।
-उषा राणा, सेक्टर- 20, निवासी
बुड़ैल में गंदगी की भरमार
सफाई की व्यवस्था बड़ी खराब है। स्कूल की दीवार के साथ कूड़ा बिखरा है। पास से गुजरने पर दुर्गंध आती है। स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी बड़ी परेशानी होती है। इसे तुरंत ठीक किया जाना चाहिए। लोग परेशान हो रहे हैं। नगर निगम के संबंधित अधिकारी समय समय पर औचक निरीक्षण करें तो समस्याएं हल हो सकती हैं।
-कुलदीप, बुड़ैल निवासी
स्कूल की चहारदीवारी पर कूड़े का ढेर
बुडै़ल में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। गांव से लगती सड़क पर नियमित रूप से कूड़ा का अंबार लगा होता है। स्कूल की चहारदीवारी के साथ भी प्रतिदिन कूड़े का ढेर लगा होता है। फैली गंदगी से सड़ांध आती रहती है। इस नारकीय स्थिति में निवासियों का रहना मुश्किल हो गया है।
-कृपा सिंधु यादव, गांव बुड़ैल, सेक्टर- 45 निवासी
निगम और प्रशासक के अधिकारी लोगों से करें संपर्क
नगर निगम और प्रशासन के बड़े अधिकारी अकेले में शहर के विभिन्न भागों में घूमकर लोगों से पूछताछ करें। इसके बाद उन्हें पूरा पता चल जाएगा। सफाई के काफी प्रचार हुए, लेकिन परिणाम खराब रहा। ऐसी योजना बने जिसका लाभ सभी को मिले।
-धर्मवीर, सेक्टर- 22 निवासी