दरगाह पीर सांई बुढन शाह पर नतमस्तक होने के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटने से एक महिला की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार फरीदकोट की बस्ती शहीद बलविंद्र सिंह नगर से एक परिवार के पांच भाई अपनी माता की अस्थियां लेकर सगे संबंधियों के साथ गुरुद्वारा श्री पातालपुरी साहिब के पास बने अस्थिघाट में विसर्जित करने आए हुए थे।
सुबह अस्थियां विसर्जित करने के बाद दरगाह पीर सांई बुढन शाह में माथा टेकने के बाद लौटते हुए बस के गेयर में तकनीकी खराबी हो गई। बस चालक ने पुरुषों को धक्का लगाने को कहा। महिलाएं और बच्चे बस में सवार थे। ढलान में धकेलने के बाद बस असंतुलित होकर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। पलटने से महिलाएं व बच्चे बस के नीचे दब गए।
गांव कल्याणपुर के सरपंच सुरेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब भेजा। रास्ते में महिला बलजीत कौर पत्नी अमरजीत सिंह राजू की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर घायल होने के कारण पीजीआई रेफर कर दिए गए। अन्य घायलों का इलाज श्री आनंदपुर साहिब में चल रहा है।
मौके पर थाना प्रभारी श्री कीरतपुर साहिब सन्नी ख्न्ना ने पुलिस पार्टी सहित लोगों की मदद की। डीसी सुमित जांरगल ने घटनास्थल व अस्पताल में पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने मृतक के परिवार को एक लाख व घायलों को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया।
हादसे में भीमा, बलजिंदर कौर, अरशदीप कौर, प्रितपाल कौर, रविंदर सिंह, भूपिंदर सिंह, रमनदीप कौर, गुरप्रीत कौर, पवनदीप कौर, सुरिंदर कौर, निर्मल कौर, रणजीत कौर और जसविंदर कौर घायल हुए हैं।