चंडीगढ़। सेक्टर 45/50 लाइट प्वाइंट पर बुधवार देररात बस और कार में टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त हुआ कि कार बिजली के खंभे को तोड़कर काफी दूर जाकर रुकी। हादसे में कार सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बस में सवार लोग भी चोटिल हो गए। इतना ही नहीं दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसने घायलों को सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल करवाया है, जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों युवतियों की हालत ठीक नहीं है। जैसे ही उनके सेहत में सुधार होगा बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर-49 थाना प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया की हादसा किसकी गलती से हुआ इसकी जानकारी के लिए लाइट प्वाइंट पर लगे कैमरों की फुटेज को चेक किया जा रहा है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है की बस चालक ने लालबत्ती पार की थी। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी होलीडेज की बस चंडीगढ़ से कसौली जा रही थी, जिसमें 40 यात्री सवार थे। जब बस सेक्टर-45/50 लाइट प्वाइंट पर पहुंची तो चंडीगढ़ की तरफ से आ रही कार के साथ उसकी टक्कर हो गई। हादसे की जांच जारी है।