सेक्टर-46 में पीजी में रहने वाले हिमाचल निवासी बीएससी फाइनल ईयर के स्टूडेंट ने फेल होने पर सुसाइड कर लिया। मौकेे से बरामद सुसाइड नोट में उसने अपनी आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है।
साथ ही पुलिस जांच से मना करते हुए किसी को परेशान न करने की बात कही है। पुलिस ने हिमाचल के रोहडू में रहने वाले परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। उनके सोमवार तक शहर में पहुंचने की संभावना है। मूलरूप से रोहडू निवासी पीयूष राणा एसडी कॉलेज सेक्टर-32 में बीएससी फाइनल ईयर का स्टूडेंट था। कुछ दिन पहले आए रिजल्ट में वह फेल हो गया था। इसके बाद से वह तनाव में रह रहा था
रविवार शाम 4 बजे के करीब उसके परिजनों ने उसे मोबाइल पर कॉल किया। कई बार कॉल करने पर भी फोन पिक न होने पर उन्होंने शहर में परिचित एक युवती को फोन किया। उसने पीजी के पास ही रहने वाले परिचितों को फोन कर पीजी भेजा।
परिचितों ने जाकर देखा तो पीयूष फंदे पर झूल रहा था। उन्होंने फौरन पुलिस को फोन किया तो उसे जीएमसीएच-32 ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है।