नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर की कार को तीन बुलेरो कार सवार बदमाशों ने घेर लिया। लेकिन प्रॉपर्टी डीलर ने किसी तरह जान बचाई। पीड़ित की ओर से सेक्टर-39 कोतवाली में जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास की तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्रेनो के स्वर्णनगरी स्थित पनोरमा रेजीडेंसी में विकास कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। रात में किसी काम से नोएडा सेक्टर-18 आए थे। वह करीब 9 बजे सेक्टर-18 से ग्रेनो के लिए मारुति एसएक्स-फोर से चले।
वह जब सेक्टर-100 के पास पहुंचे तो उन्हें शक हुआ की तीन सफेद रंग की कार सवार बदमाश पीछा कर रहे हैं। उन्होंने कार को दौड़ाया तो बुलेरो कार में सवार बदमाशों ने भी कार की रफ्तार तेज कर दी। विकास कुमार जब एक्सप्रेसवे पर एडवांट बिल्डिंग के पास पहुंचे तो उनकी कार को दोनों ओर से ओवरटेक कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर ने कार के इमरजेंसी ब्रेक लिए और बैक गेयर में कार को दौड़ा दिया। कुछ दूर चले तो पीछे से एक और सफेद बुलेरो कार सवारों ने प्रॉपर्टी डीलर की कार को घेर लिया।
प्रॉपर्टी डीलर रांग साइड कार को मोड़कर नोएडा की ओर भागा। रांग साइड पर सर्विस रोड से सेक्टर-100 में जाकर एक सोसायटी में छिपकर जान बचाई। प्रॉपर्टी डीलर की ओर से 10-15 बदमाशों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-39 में तहरीर दे दी है।
क्या कहते हैं अफसर
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर इस तरह की कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं है। यदि थाने पर शिकायत आई है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जो सत्य होगा उसी के तहत कार्रवाई कराई जाएगी।
- वीरेंद्र सिंह यादव, एसएसआई सेक्टर-39 थाना