चंडीगढ़ में रविवार को 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में 'ब्रेवहार्ट्स बाइक रैली' का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्नल आरपीएस बराड़ ने कहा कि हम युद्ध के वीरों और शहीद नायकों को सम्मानित करने के लिए 1971 के युद्ध की स्वर्ण जयंती मना रहे हैं।
विज्ञापन
चंडीगढ़ क्लब के बाहर रविवार सुबह पंजाब के विभिन्न हिस्सों से सिख रेजिमेंट के वर्तमान अधिकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी अपनी मोटरसाइकिल के साथ पहुंचे। आर्मी परिवार के साथ उनके बच्चे भी मोटरसाइकिल रैली का हिस्सा बनने पहुंचे। चंडीगढ़ मिलिट्री फेस्टिवल के दूसरे दिन 71 ऑपरेशन्स की गोल्डन जुबली के जश्न में चंडीगढ़ क्लब से मोहाली अम्ब साहिब गुरुद्वारा तक बाइक रैली का आयोजन किया गया।
ऑर्गनाइजिंग कमेटी की ओर से सुबह साढ़े 9 बजे जय हिंद और वन्दे मातरम के नारों की गूंज और जोश के साथ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में करीब 570 बाइकर्स पहुंचे, जिसमें कुछ ट्राइसिटी के आम लोग भी थे। रैली में आर्मी परिवार की करीब 15 महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।